ग्वालियर में आम आदमी पार्टी ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त संवेदनशील जिम्मेदार और पारदर्शी नगरीय प्रशासन का भरोसा दिलाया है उनका कहना है कि चुनाव घोषणा पत्र में दिल्ली और पंजाब मॉडल की तर्ज पर बहुत सी सुविधाएं देने का वादा किया गया है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आम आदमी पार्टी के मध्य प्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल की मौजूदगी में आज ग्वालियर में नगरीय निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह महापौर प्रत्याशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। घोषणा पत्र में आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन, हॉउस टैक्स माफ़, कमर्शियल टैक्स हाफ, हर घर में प्रति माह 20 हजार लीटर साफ पेयजल, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स, महिलाओं और स्टूडेंट्स के लिए मुफ्त शहरी बस सेवा, नगर निगम में ठेका प्रथा खत्म, नगर निगम क्षेत्र में मुफ्त वाई फाई सुविधा, नगर निगम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, कॉलोनियों, बसों में मार्शल, गड्ढे रहित सड़कें जैसी सुविधाएँ देने के वादा किया है।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल ने कहा कि अब मध्य प्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर की जनता भी बदलाव चाहती है। ग्वालियर की जनता ने लम्बे समय से प्रदेश सरकार और नगर सरकार को अजमा लिया और कांग्रेस के प्रदेश सरकार को भी देखा है। अब शहर की जनता विकल्प तलाश रही है जो केवल आम आदमी पार्टी ही हो सकती है। कांग्रेस और भाजपा द्वारा आम आदमी पार्टी को एक दूसरी पार्टियों की बी टीम कहे जाने के आरोप पर आप प्रभारी मुकेश गोयल ने कहा कि हम तो जनता की टीम है और उसी की दम पर चुनाव लड़ते हैं। ग्वालियर को सिंधिया का गढ़ कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अच्छे अच्छों के गढ़ टूट जाते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.