ग्वालियर में झांसी रोड पर बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र लूटने का मामला सामने आया है। यहां दो बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर से लौट रही महिला को रोककर कंपू जाने का रास्ता पूछा। इसके बाद बाइक पर बैठे दूसरे आरोपी ने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर खींच लिया। हालांकि, महिला ने दोनों युवकों से संघर्ष भी किया, लेकिन वह भागने में सफल हो गए। इस लूट का VIDEO सामने आया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
घटना झांसी रोड पर अर्बन रसोई के पास शनिवार सुबह की है। झांसी रोड नाका चंद्रबदनी स्थित यादव कॉलोनी के सामने रहने वाली विद्या साहू (60) सुबह मंदिर से लौट रहीं थीं। वे अर्बन रसोई के सामने पहुंची ही थी कि तभी बाइक सवार दो युवक आए। युवकों ने पहले पूछा- माता जी कंपू जाने के लिए कौन से रास्ते पर जाएं। महिला ने बाइक सवारों को बाहर का समझा और पता बताकर उनकी मदद करने लगीं। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला का मंगलसूत्र लूट लिया।
सरिया लेकर पीछे भागी महिला
60 साल की उम्र होने के बाद भी विद्या देवी ने लूट के बाद हार नहीं मानी। उन्होंने तत्काल पास ही पड़ा एक सरिया उठाकर एक बदमाश में मारा, लेकिन वह भाग गए। इसके बाद महिला शोर मचाते हुए उसके पीछे भागी। आस-पास के लोग भी एकत्रित हो गए, पर बदमाश बाइक की स्पीड़ बढ़ाकर भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की।
चेहरे से भले लग रहे थे, पर पता पूछा और लूट कर गए
महिला ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवक भले लग रहे थे। यह नहीं पता था कि यह लूट करने आए हैं। दोनों काली शर्ट पहने हुए थे। चेहरे भी ढका था। उम्र दोनों की 30 साल के लगभग थी। दोनों ने वारदात से पहले भी वहां दो से तीन चक्कर लगाए हैं।
CCTV कैमरों में लुटेरों की तलाश
पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। झांसी रोड थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि बदमाशों के आने और जाने के रूट का पता लगाने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाल रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.