ग्वालियर में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला को पति और ससुराल वाले हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। उसकी मौत की खबर मिलते ही शव छोड़कर सभी वहां से भाग निकले। महिला का 4 महीने का बच्चा उसके पास बिलखता रहा। मायके वालों ने ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला के शरीर पर पैर से लेकर गर्दन तक चोट के निशान मिले हैं।
उपनगर मुरार की 24 साल की दीपा शर्मा की शादी दिसंबर 2020 में महाराजपुरा के प्रवीण पाराशर से हुई थी। प्रवीण एक प्राइवेट बैंक में जॉब करता है। दीपा के पिता नरेंद्र शर्मा ने बताया कि शादी में उन्होंने 10 लाख रुपए कैश के साथ हर वो सामान दिया था, जो बेटी के ससुराल वालों ने मांगा था। शादी के 2 महीने बाद ही दामाद बेटी के साथ मारपीट करने लगा था। इसकी शिकायत थाने में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पता चला कि बेटी को ससुराल वालों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था।
पिता ने कहा- दामाद और रुपयों की डिमांड कर रहा था
नरेंद्र शर्मा का कहना है कि दामाद और रुपए लाने की डिमांड दीपा से कर रहा था। इसे लेकर ही उसने बेटी की हत्या की है। बेटी के शरीर पर चोट के निशान भी इसकी गवाही दे रहे हैं। बेटी को पीट-पीटकर मारा गया है। बेटी का चार महीने का बच्चा है। जो उसकी मौत के समय वहीं रोता रहा। उसे पता भी नहीं कि उसकी मां का आंचल हमेशा के लिए छिन गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.