ग्वालियर में दहेज के लिए ऐनवक्त पर शादी तोड़ दी गई। आज 6 फरवरी को बारात आना थी। दो दिन पहले इंजीनियर दूल्हे के मामा ने दुल्हन के घर जाकर 21 लाख रुपए कैश देने की मांग रख दी। साफ शब्दों में कह दिया कि 21 लाख रुपए का इंतजाम कर सकते हो तो बारात आएगी, नहीं तो रिश्ता नहीं होगा।
बेबस पिता ने बेटी के होने वाली ससुराल के हर शख्स से फरियाद की, गुहार लगाई, लेकिन वे दहेज की मांग पर अड़ गए। बिना पैसे लिए शादी के लिए तैयार नहीं हुए। शादी आज शहर के मुस्कान गार्डन से होना थी। कार्ड बंट चुके थे। गार्डन से लेकर कैटरिंग तक की बुकिंग हो चुकी थी। रिश्ता तोड़ने के बाद दुल्हन के परिजन ने महाराजपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दुल्हन के पिता शहर के महाराजपुरा स्थित आदित्यपुरम में रहते हैं। वे प्राइवेट जॉब करते हैं। उनका एक बेटा (20) और बेटी (22) है। बेटी की शादी गोला का मंदिर प्रगति विहार निवासी मुनेंद्र शर्मा के साथ तय की थी। मुनेंद्र इंजीनियर है। इंजीनियर दामाद पाकर परिवार काफी खुश था। यह रिश्ता मुनेंद्र के पिता राकेश शर्मा के साथ ही उसके मामा नीलेश शर्मा, मौसा सुरेश शर्मा, मां ऊषा देवी और भाई शैलेंद्र शर्मा के सामने उनकी सहमति से तय हुआ था।
दुल्हन के पिता बताते हैं कि उस समय किसी ने कोई दहेज की मांग नहीं की, लेकिन उन्होंने अपनी हैसियत अनुसार अच्छे से अच्छे इंतजाम किए थे। 2 अक्टूबर 2022 को दोनों की सगाई हुई। गोद भराई की रस्म भी निभा दी गई। तब तक सब कुछ ठीक था। सभी की सहमति से शादी का शुभ मुहूर्त 6 फरवरी 2023 का निकला था।
दूल्हे के मामा रिश्ता तोड़कर चले गए
दुल्हन के पिता ने 6 फरवरी के लिए शादी की सभी तैयारी कर ली थीं। 5 फरवरी को मंडप और 4 फरवरी को तेल की रस्म होनी थी। इसी दिन (4 फरवरी) की सुबह दूल्हे के मामा नीलेश शर्मा निवासी रनगंवा उनके घर आया। कहा कि दूल्हे के पिता राकेश शर्मा ने कहलवाया है कि उनको शादी में 21 लाख रुपए कैश चाहिए। यह सुनते ही लड़की के पिता घबरा गए।
अचानक 21 लाख रुपए की बात सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद लड़की के पिता ने होने वाले समधी से भी बात की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दूल्हे के मामा ने कहा कि यह मांग पूरी कर सकते हो, तो बताओ, नहीं तो बारात नहीं आएगी। इसके बाद वह रिश्ता तोड़कर चले गए।
इस खबर पर आप अपनी राय दे सकते हैं...
गार्डन-कैटरिंग बुक, कार्ड भी बांटे जा चुके थे
शादी के लिए युवती के पिता ने बहोड़ापुर में गार्डन सहित सभी तैयारियां पूरी करने के साथ ही मेहमानों तक को निमंत्रण पत्र भेज चुके थे। अचानक शादी टूटने से पूरा परिवार परेशान है। परिवार शादी की तैयारियों पर चार से पांच लाख रुपए खर्च कर चुका है। अचानक शादी टूटने से सबसे ज्यादा आहत लड़की है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
महाराजपुरा थाना प्रभारी पंकज त्यागी का कहना है कि शादी से ठीक पहले दहेज मांगने की शिकायत थाने में हुई है। FIR दर्ज करने के बाद जांच की जा रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.