ग्वालियर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक कैफे में 4 से 5 लड़के के घुसकर तोडफोड़ मचा रहे हैं। इनमें एक बदमाश हाथ में पिस्टल लिए है और लहरा रहा है। जब कर्मचारियों ने खुद को एक रूम में बंद कर लिया तो इस युवक ने गेट में गोली मार दी। इसके बाद कर्मचारियों को दरवाजा खोलना पड़ा। नशे में धुत बदमाशों ने एक कर्मचारी को पकड़कर कैफे के लॉन्ज में जमकर पीटा है। उसके ऊपर लोहे की कुर्सी कई बार पटकी गई, पानी की बोतल से सिर पर ही कई बार मारा गया। पिस्टल के बट मारे। हमला करने के बाद कैफे का गेट भी तोड़ दिया। जब VIDEO के बारे में पता किया गया तो जानकारी मिली कि यह VIDEO दो दिन पहले सिटी सेंटर में एक कैफे में झगड़े का है। घटना के CCTV फुटेज भी पुलिस के पास पहुंच गए हैं। पुलिस अफसरों का दावा है कि चार हमलावरों की पहचान हो गई है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के सिटी सेंटर में एसपी ऑफिस के पास रैगनार कैफे है। यहां महाराजपुरा निवासी आलोक पुत्र रामप्रकाश यादव कर्मचारी है। दो दिन पहले की बात है। यहां कुछ लड़के कैफे में आए थे। लड़के नशे में धुत थे और वह कैफे में अन्य लोागें से हरकतें कर रहे थे। कमेंट कर रहे थे। इस पर कर्मचारी आलोक ने उनको समझाया और कैफे से बाहर जाने के लिए कहा था। इस बात पर युवक नाराज हो गए। उन्होंने कॉल कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया। इसके बाद हमलावर हंगामा मचाते हुए कैफे के अंदर पहुंच गए। उनमें से एक बदमाश हाथ में पिस्टल लिए था। उनको देखते ही कर्मचारी स्टाफ रूम में घुस गए और दरवाजा लगा लिया। जो बदमाश पिस्टल लिए था उसने दरवाजे पर एक गोली मार दी। इसके बाद कर्मचारियों को दरवाजा खोलना पड़ा। बदमाशों ने सिर्फ आलोक को ही पकड़ा और बाल से घसीटते हुए बाहर लाए और लात घूसों से मारा।
सिर पर कुर्सी, बोतल मारते रहे, पिस्टल लहराते रहे
- हमलावरों ने कर्मचारी को जमीन पर पटककर उसके ऊपर लोहे की कुर्सी उठाकर चार से पांच बार फेंकी और पानी की बोतल बार-बार सिर पर मारी। लगातार उसे पीटा। पिस्टल के बट मारे। जब वह बेहोश हो गया तो हमलावर वहां से भागे। बाहर जाते-जाते कैफे का गेट तोड़ गए। घटना के बाद कैफे संचालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और वहां से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
- मारपीट की पूरी घटना कैफे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। हमलावरों के चेहरे भी साफ दिख रहे हैं। पुलिस ने CCTV कैमरे के फुटेज ले लिए हैं। पुलिसने फुटेज के आधार पर 4 हमलावरों की पहचान कर ली है। यह आसपास के ही लड़के बताए जा रहे हैं। अब पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना
- इस मामले में एएसपी क्राइम राजेश डंडौतिया का कहना है कि कैफे में लगे CCTV कैमरे की फुटेज के आधार पर हंगामा कर तोड़फोड़ और मारपीट करने वालों की तलाश की जा रही है। जल्द वह पकड़े जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.