नमी आने के कारण सोमवार को पूरे दिन महानगर में बादल डेरा जमाए रहे। इससे धूप हल्की रही। पूरे दिन बादलों व सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। हालांकि उत्तर-पश्चिमी हवा आने के कारण 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज हुआ।
वहीं अधिकतम तापमान लगातार 19 वें दिन 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इससे दिन ठंड से अभी राहत नहीं मिल सकी। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरा रहा। दृश्यता 200 मीटर रही। इससे ट्रेनों की रफ्तार पर सोमवार को भी ब्रेक लग गया। अभी दो दिन कोहरा छाने की संभावना है।
जनवरी अंत तक दिन का पारा सामान्य से नीचे रहेगा
अभी जनवरी के अंत तक दिन का पारा सामान्य से नीचे रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। सुबह की आर्द्रता 89 फीसदी रही। यह सामान्य से 14 फीसदी अधिक रही। जबकि शाम की आर्द्रता 59 फीसदी रही।
रात का पारा और लुढ़केगा
उत्तरी हवा आने के कारण अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरा छा सकता है, लेकिन अब धीरे-धीरे धूप निकलना शुरू होगी। -पीके शाहा, मौसम वैज्ञानिक
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.