केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन की राजनीति में एंट्री की अटकलें अब और तेज हो गई हैं, क्योंकि ऐसा पहली बार हो रहा है जब वह अकेले भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच होंगे। पिछले महीने तीन दिवसीय प्रवास पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ महाआर्यमन निजी से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रम में साथ रहे थे। एक-एक कार्यकर्ता से केंद्रीय मंत्री ने बेटे की व्यक्तिगत मुलाकात भी कराई थी। तभी से महाआर्यमन की राजनीति में आने की अटकलें शुरू हो गई थीं। ऐसा पहली बार होगा कि सार्वजनिक कार्यक्रम में महाआर्यमन के पिता ज्योतिरादित्य उनके साथ नहीं रहेंगे, लेकिन मां प्रियदर्शनी राजे का साथ उनको मिलेगा।
महाआर्यमन आज अपना 26वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज वे दिनभर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच रहेंगे। कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से चर्चा करेंगे और केक भी काटेंगे। राजनीति के जानकार इसे उनके राजनीति में प्रवेश की ओर बहुत बड़ा कदम मान रहे हैं, क्योंकि कार्यकर्ताओं से इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके साथ नहीं रहेंगे।
सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर जन्मदिन मनाने के दो कारण
बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फैसला लिया है कि महाआर्यमन अपना जन्मदिन ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मनाएं। ऐसा करने के पीछे दो कारण हैं। पहला- वह ग्वालियर के कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे तो उनको अनुभव मिलेगा और दूसरा- कार्यकर्ताओं से मुलाकात पर उनके राजनीति में प्रवेश की राह आसान होगी और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पैठ बनेगी। बुधवार दोपहर 3 बजे चेतकपुरी के गार्डन में महाआर्यमन की भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात है। इसमें जिले के अलावा पड़ोसी शहरों से भी कार्यकर्ता आ रहे हैंं।
जयविलास पैलेस में होंगे रूबरू
सार्वजनिक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से मिलने और केक काटने के बाद जयविलास पैलेस में वह अपने रियासत के लोगों के बीच भी रहेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। इतना ही नहीं जयविलास पैलेस में दिन भर कार्यकर्ताओं के लिए दरवाजे खुले रहेंगे। कार्यकर्ता और नेता विशेषकर सिंधिया समर्थक भाजपाई वहां पहुंचकर महाआर्यमन से मुलाकात करेंगे और केक काटेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.