• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Victimized Girl Locked In Police Station Outside Court To Change Speech, Police Beaten Up With Sticks, TI Said Lying

मुरार में दुष्कर्म की घटना पर बवाल:पीड़ित कोर्ट के बाहर बोली- बयान बदलने के लिए थाने में बंद कर पुलिस ने झाडू-डंडे से पीटा, TI बोले- झूठ बोल रही

ग्वालियर2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटो- मुरार थाना - Dainik Bhaskar
फाइल फोटो- मुरार थाना
  • सीपी कॉलोनी में 31 जनवरी की रात 8 बजे की बताई जा रही है घटना
  • जिस पर दुष्कर्म का आरोप वह चाचा के मर्डर का मुख्य गवाह व चश्मदीद

सोमवार शाम को एक दुष्कर्म के मामले पर मुरार थाना से लेकर कोर्ट तक काफी बवाल मचा। पीड़ित लड़की जिस घर में झाडू-पोंछा का काम कर रही है उसके मालिक के नाती और नाती के दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। घटना 31 जनवरी रात 8 बजे की थी। उसी रात 11.23 बजे पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, पर सोमवार शाम इस मामले में उस समय बवाल खड़ा हो गया जब पुलिस ने लड़की को थाना में बंद कर झाडू-डंडों से पीटा।

पुलिस का कहना था कि लड़की ने दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए झूठा मामला दर्ज कराया है। लड़की ने कोर्ट में भी TI मुरार अजय पवार और पूरे स्टाफ पर थाना में बंद कर कोर्ट में बयान बदलने के लिए पीटने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने भी पीड़ित को मुरार पुलिस को नहीं सौंपने के निर्देश दिए हैं। लड़की जब कोर्ट आई थी तो उसके चेहरे पर थप्पड़ केे निशान थे। शरीर पर कई जगह पिटाई के निशाने थे।

कोर्ट में बयान देने के बाद पुलिस अभिरक्षा में जाती पीड़ित।
कोर्ट में बयान देने के बाद पुलिस अभिरक्षा में जाती पीड़ित।

पीड़ित लड़की ने सुनाई घटना

पीड़ित ने खुद की उम्र 15 साल बताते हुए आरोप लगाया है कि सीपी कॉलोनी निवासी गंगा सिंह भदौरिया के मकान में झाडू पोंछा का काम करती हूं। 20 दिसंबर 2020 से काम पर रखा था। घर के ग्राउंड फ्लोर पर ही रहती हूं। 31 जनवरी की रात 8 बजे गंगा सिंह के नाती आदित्य भदौरिया और उसके एक दोस्त ने मेरा दरवाजा खटखटाया। जब दरवाजा खोला तो आदित्य और उसके दोस्त कमरे में आ गए। इन्होंने मेरे साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वहां से धमकाकर भाग गए। मैं काफी डरी हुई थी। पहले सीएम हेल्प लाइन पर कॉल किया। फिर मुरार पुलिस मुझे लेकर थाना पहुंची। इसके बाद पुलिस ने आदित्य के दोस्त पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। अब गंगा सिंह का परिवार मुझे धमका रहा है।

अपने बचाव में आया आरोपी पक्ष

इस मामले में आरोपी पक्ष ने अपना बचाव किया है। प्रॉपर्टी कारोबारी गंगासिंह भदौरिया ने बताया कि मेरे नाती आदित्य सिंह भदौरिया पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लड़की झूठ बोल रही है। 28 सितंबर 2017 को मेरे बेटे संजय भदौरिया की सोनू परमार, संदीप शर्मा और उनके साथियों ने हत्या कर दी थी। उस हत्या में नाती आदित्य मुख्य गवाह है। अभी सभी आरोपी कोविड पैरोल पर बाहर हैं। साजिश के तहत इस लड़की को 20 दिसंबर को काम पर रखवाया गया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पूरा मामला साफ है। एक लड़का जिसका नाम राहुल शर्मा है। वह खाना का पैकेट लेकर 31 जनवरी 2021 की रात पौने आठ बजे आता दिख रहा है। रात 8.22 बजे गया है। उसके साथ लड़की ने सीएम हेल्प लाइन पर कॉल कर दिया। फुटेज पूरी सच्चाई कह रही है।

कोर्ट के बाहर पीड़ित बोली- पुलिस ने रातभर झाड़ू से पीटा

इस मामले में कोर्ट में बयान देने गई पीड़ित लड़की ने बयान दिया है। उसने पुलिस पर रातभर हवालात में बंद कर झाडू और डंडों से पीटने और बयान बदलने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसे किसी ने नहीं भेजा। उसके साथ आदित्य भदौरिया और उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया है। पुलिस न जाने क्यों दोनों को बचा रही है। मेरे पिता को भी बेरहमी से पीटा गया है। आरोपी पक्ष सामने खड़े होकर मुझे पिटवा रहा है। मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है।

उम्र को लेकर गफलत

मुरार थाना टीआई अजय पवार का कहना घटना के बाद थाना पहुंची पीड़ित ने खुद को नाबालिग बताते हुए अपनी उम्र 15 साल बताई थी। जिस पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की भी धारा लगाई। पर उसका जो आधार कार्ड उसने दिया उसमें उम्र 13 साल है। जब बिजौली के विजयगढ़ से उसके पिता को बुलाया गया और उसने जो मार्कशीट दी है। उसमें लड़की की उम्र 18 साल 8 महीने है।

पूरे मामले की जांच की जा रही है

ग्वालियर के एसपी अमित सांघी का कहना है कि पुलिस किसी लड़की की पिटाई नहीं कर सकती है। अगर थाने में ऐसा हुआ है तो मामले की जांच करवा रहा हूं। जो गलत है उस पर कार्रवाई होगी।