पॉलिश पाउडर का काम दिखाकर दो युवकों ने वृद्धा को ठग लिया। चांदी के गहने नए जैसे चमकते देख वृद्धा सोने के गहने उठा लाई। बदमाशों ने गहनों को पाउडर लगाकर एक थैली में रख दिया। इसके बाद यह कहकर चले गए, 10 मिनट बाद खोल लेना। जब महिला ने थैली खोली, तो उसमें पत्थर निकले। घटना एक दिन पहले महाराजपुरा के मऊ गांव की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वृद्धा की शिकायत पर शनिवार शाम मामला दर्ज कर लिया।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के मऊ निवासी शीला देवी (60) पत्नी कोक सिंह गृहिणी हैं। शुक्रवार को उनके घर दो युवक आए। उन्होंने बताया कि वह पीताम्बरा कंपनी के कर्मचारी हैं। कंपनी का प्रचार करने आए हैं। इसके बाद उन्होंने शीला देवी से बर्तन मांगे। युवकों ने उन्हें नए जैसा चमका दिया। अब दोनों युवकों ने गहने चमकाने के लिए कहा। इस पर शीला देवी ने चांदी की पायजेब उन्हें दे दी। पायजेब पाउडर लगाने के बाद नई जैसी लगने लगी। अब युवकों ने ऑफर दिया कि कंपनी अभी प्रचार के लिए फ्री में सफाई कर रही है, इसलिए और कोई जेवर साफ कराना हो, तो करा लो। चांदी की सफाई देखकर वृद्धा को विश्वास हो गया था। वह अपनी एक तौला वजनी सोने के बाले, अंगूठी ले आई। युवकों ने पाउडर लगाने के बाद गहने एक थैली में रख दिए। महिला को बोला कि वह इसे 10 मिनट बाद खोल ले और गर्म पानी से धो लेना। यह कहकर दोनों चले गए।
थैली में निकले पत्थर
कुछ देर बाद जब शीला देवी ने थैली खोली, तो गहनों की जगह उसमें पत्थर रखे थे। शीला समझ गई कि उसके साथ ठगी हुई है। इसकी सूचना परिवार वालों को दी। इसके बाद पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शुक्रवार को घबराहट के चलते महिला थाना में नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने शनिवार को मामले में ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
ठगों का हुलिया
महिला ने बताया, दोनों युवक 28 से 30 साल के बीच है। एक पतले शरीर को, तो हल्का था मोटा था। दोनों जींस और शर्ट पहले थे। चेहरे पर मास्क लगाए थे। पुलिस इसी आधार पर पड़ताल कर रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.