टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के सिराली में बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ किसान आदिवासी सम्मेलन में शामिल होने करीब 2 घंटे देरी से पहुंचे। इस दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर बरसे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव भले ही नवंबर में होंगे, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पार्टी की जीत के लिए कमर कसनी होगी। जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों हर बूथ के कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार की गलत नीतियों को बताना होगा। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. आरके दोगने, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, हेमंत टाले, अभिजीत शाह मौजूद रहे।
आमसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने मंच से कहा कि बाबा साहब ने संविधान दिया और संविधान की पूरे विश्व में तारीफ होती है लेकिन आज संविधान गलत हाथ में चला जाए तो क्या होगा। आज संविधान और संस्कृति की रक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। पाकिस्तान के पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं। भाजपा की सरकार ने कैसा प्रदेश सौंपा था। यह सभी को पता है। किसान आत्महत्या कर रहे थे। भ्रष्टाचार में प्रदेश नंबर वन था। कांग्रेस की साढ़े 11 महीने की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया, बिजली बिल कम किए तो बताइये ऐसा किया तो क्या मैंने कोई पाप किया। प्रदेश की भाजपा सरकार घोषणा, भाषण और झूठ बोलने की मशीन है।
हाल ही में भाजपा ने इन्वेस्टर सम्मिट किया और बता रहे हैं कि करोड़ों रुपए का इन्वेस्ट आएगा और बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। लेकिन ऐसा कहीं कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी अत्याचार बढ़े है। अब सारी तस्वीर आपके सामने है अब जनता को तय करना है उन्हें किसको चुनना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कोई भी इन्वेस्टमेंट नहीं करना चाहता। 100 रुपए में से मात्र 30 पैसे ही मध्यप्रदेश में निवेश हो रहे है। उन्होंने जनता को इस चुनाव में देश की संस्कृति और संविधान को बचाने को लेकर मतदान करना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने बयां किया अपना दर्द
कमलनाथ की सभा के पहले जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पदाधिकारियों ने संबोधित कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने के लिए कहा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिछले चुनाव के दौरान उसने क्षेत्रों में हुई घटना को बताते हुए अपना दर्द बयां किया।
इस कार्यकर्ता ने कहा कि पार्टी की आपसी गुटबाजी की चलते भाजपा नेताओं ने बाहर के मतदाताओं को बुलाकर मतदान कराया। जिससे उनके बूथ पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। मंच पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओम पटेल ने पीसीसी चीफ से कहा कि हरदा की दोनों सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत मिलती है तो आप यहां की एक सीट से जीतने वाले प्रत्याशी को भविष्य में आपके नेतृत्व में बनने वाले मंत्री मण्डल में स्थान प्रदान करें।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.