जिले के चक्कर रोड इलाके में आज देर शाम एक युवक की उसके ही पड़ोस के दो भाइयों ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। खास बात यह है कि मृतक आरोपी भाइयों को मारने के लिए ढूंढ रहा था। लेकिन दांव उल्टा पड़ गया। मृतक की आरोपियों से दोस्ती भी थी।
कोतवाली टीआई रत्नाकर हिंग्वे के मुताबिक आज करीब 3 बजे मृतक लखन बाघमारे (30) के घर पर आरोपी आकाश बर्डे, भाई अभिषेक झगडा करने गए थे। जहां मामूली गाली गलौच के बाद दोनों आरोपी उनके घर वापस चले गए। शाम को मृतक लखन वाघमारे कुल्हाडी लेकर आकाश को ढूंढ रहा था। वह आकाश के घर तरफ गया ही था कि आकाश ओम सांई किराना वाली गली में उसे मिल गया। जहां लखन ने आकाश के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। इस झगड़े में मृतक लखन ने आकाश के पैर पर कुल्हाड़ी मार दी। तभी आकाश ने कुल्हाड़ी छीनकर मौके पर पहुंचे उसके भाई अभिषेक को दे दी। यह कुल्हाड़ी हाथ आते ही। अभिषेक ने लखन के सिर पर तीन चार वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच परिजनों ने इस झगड़े में घायल आकाश को अस्पताल पहुंचाया। जबकि, अभिषेक मौके से फरार हो गया। आकाश का आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस अभिषेक की तलाश कर रही है।
मृतक के पिता लिखीराम के मुताबिक आरोपी अभिषेक और मृतक लखन की दोस्ती थी। वे दोनों काम करने के साथ ही भोपाल भी गए थे। जहां से काम कर कुछ दिनों पहले ही लौटे थे। जहां लखन भी अवैध शराब के धंधे में लिप्त था। वहीं आरोपी भी यही धंधा करते हैं। मृतक पर मारपीट के तीन और अवैध शराब का एक प्रकरण दर्ज था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.