बैतूल में कमेंट्स करने पर दो लड़कियों ने मनचले की धुनाई कर दी। घटना रविवार रात गंज बस स्टैंड के पास की है। लड़कियों का आरोप है कि युवक उन पर फब्तियां कस रहा था। वहां खड़े कुछ लोगों ने मनचले की पिटाई का वीडियो भी बना लिया। पिटाई के बाद आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है। एएसआई जुगल किशोर के मुताबिक गंज बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास से दो लड़कियां गुजर रही थीं। गर्ग कॉलोनी के रहने वाले 20 साल के मोहसिन ने उनके निकलते ही कमेंट्स कर दिए। इस पर लड़कियां रुकीं और दौड़कर युवक को पकड़ लिया।
उन्होंने पूछा - कमेंट्स क्यों किए? युवक हेकड़ी दिखाने लगा। इससे नाराज लड़कियों ने उसके बाल पकड़े और पिटाई शुरू कर दी। युवक की पिटाई देखने वालों की भीड़ लग गई। किसी ने इसकी सूचना गंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस, तीनों को थाने ले गई। हालांकि लड़कियों ने रिपोर्ट लिखाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की धारा में केस दर्ज किया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.