पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस के आह्वान पर होशंगाबाद जिले में भी कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। होशंगाबाद, सिवनी-मालवा, सोहागपुर, पिपरिया में पेट्रोल पंप पर कांग्रेसियों ने पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाबई में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री के काफिले के सामने प्रदर्शन या काले झंडे दिखाने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ता, पदाधिकारियों को बाबई पुलिस ने जबरन शासकीय वाहन में बैठाकर थाने ले गई। वहीं बाबई थाना टीआई जितेंद्र सिंह ने कहा कि किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। कांग्रेसियों ने थाने में महंगाई के विराेध में ज्ञापन दिया है।
पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार फौजदार के नेतृत्व में दोपहर 12.30 बजे पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन हुआ। करीब 15 मिनिट सांकेतिक धरना, प्रदर्शन हुआ। भाजपा की सोई हुई सरकार को जगाने का सांकेतिक प्रदर्शन कर, सरकार से पेट्रोल-डीजल के दाम तत्काल कम करने की मांग की गई। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अनोखी राजोरिया, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा श्रीवास, जिला महिला सेवादल अध्यक्ष पुष्प लाता जैसवाल, आईटी सेल जिला अध्यक्ष अक्षय दीक्षित सहित अन्य उपस्थित रहे। सिवनी मालवा, बाबई, सोहागपुर और पिपरिया में भी पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन हुआ। इसी प्रकार शाम 4 बजे युवा कांग्रेस होशंगाबाद द्वारा प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस फैज़ान उल हक के नेतृत्व में स्थानीय बस स्टैंड के पास फौजदार पेट्रोल पंप पर अनूठे तरीके से आईना दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन कर कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं को ले गए थाने
सुबह 11 बजे नसीराबाद चौराह पर बाबई में कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी युवा शक्ति संगठन के उप प्रभारी शैलेंद्र जोशी गुरु, प्रवक्ता अरविंद व्यास, संभाग अध्यक्ष सेलू दुबे, जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर राजपूत, जिला अध्यक्ष जनाब रशीद खान, यूनिस खान, भूरा बाबा पदम मीना, तरुण जोशी सहित अन्य कार्यकर्ताओं प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पचमढ़ी से भोपाल लौट रहे थे। 11.45 बजे मुख्यमंत्री का काफिला बाबई से निकलता। उससे पहले पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी युवा शक्ति संगठन के पदाधिकारियों को जबरन गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। जहां उन्हें रखा गया। टीआई जितेंद्र यादव का कहना है कि किसी पर कोई कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं की। बाजार में कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे थे। हमारे कहने पर वे खुद गाड़ी में बैठकर थाने आएं और ज्ञापन दिया। जबकि संगठन के उप प्रभारी शैलेंद्र जोशी का कहना है कि पुलिस ने जबरन हमें गाड़ी में बैठाया। जिसके वीडियो हमारे पास है। बाजार में कई लोगों के सामने हमें प्रदर्शन करने से रोका व थाने में ले जाया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.