मप्र के होशंगाबाद में ड्राइवर वीरू पचौरी की हत्या और उसके टुकड़े कर एसिड में गलाने वाले आरोपी डॉ. सुनील मंत्री को जल्द सजा सुनाई जा सकती है। केस में दो व्यक्ति को छोड़ सभी की गवाही हो चुकी है। केस से जुड़े दो व्यक्ति SI प्रेम सिंह जामोद और ASI शहजाद खान की गवाही शेष है। दोनों की गवाही आज 11 अक्टूबर को कोर्ट में होना है।
DPC गोविंद शाह ने बताया कि वीरू हत्याकांड में करीब 30 गवाह रहे। दो को छोड़कर सभी की गवाही हो चुकी है। आखिरी पेशी 22 सितंबर को थी। आखिरी दो व्यक्तियों की गवाही आज होना है। द्वितीय श्रेणी न्यायाधीश हिमांशु कौशल की कोर्ट में केस चल रहा है। उन्होंने बताया सभी व्यक्तियों की गवाही होने के बाद एक माह के भीतर फैसला आने की संभावना है।
भोपाल जेल में है आरोपी डॉक्टर
केंद्रीय जेल होशंगाबाद में डॉ. मंत्री की करीब एक साल पहले तबियत खराब हाे गई थी। इस कारण उसे भोपाल रेफर किया गया था। तभी से डॉ. मंत्री भोपाल की केंद्रीय जेल में बंद है। 7 माह पहले डॉ. सुनील मंत्री काे काेर्ट के आदेश पर भोपाल पुलिस होशंगाबाद लाई थी। लॉक संबंधी काम हाेने के बाद उसे वापस ले जाया गया। पेशी होशंगाबाद से ऑनलाइन होती है।
2019 में की थी हत्या
5 फरवरी 2019 को डॉ. सुनील मंत्री ने अपने ड्राइवर वीरू पचौरी की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए थे। हत्या से पहले डॉक्टर ने वीरू को नींद का इंजेक्शन दिया। इसके बाद वह उसे घसीटकर बाथरूम ले गया। जहां सबसे पहले उसने नौकर का गला रेता। इसके बाद बाकी के अंगों को करीब 500 छोटे-छोटे टुकड़ों में काट दिया। बाथरूम में उसने बाल्टी, कड़ाही और भगोनों में एसिड भर रखा था। इसमें डॉक्टर ने शव के टुकड़ों को गलाने डाल दिए थे। डॉक्टर के कुछ पड़ोसियों ने एसिड की दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का खुलासा हुआ था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.