होशंगाबाद के सिवनी-मालवा तहसील के ग्राम गडरिया में घर में महिला की निर्मम हत्या और बेटे पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी का सुराग नहीं लगा है। 24 घंटे बाद भी 15 वर्षीय बेटे संजय को होश नहीं आया है। हालत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार सुबह 11 बजे उसे अब होशंगाबाद से भोपाल रेफर किया है। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। आशंका है कि आरोपी कोई परिचित या जान पहचान है। जिसे घर के बारे में अच्छी तरह से जानकारी थी। पुलिस मामले में हर पहलुओं पर जांच कर रही है। घर में काम करने वाले नौकरों से भी मामले में पूछताछ की जा रही है। टीआई जितेंद्र सिंह ने बताया आशंका है कि आरोपी को घर के अंदर की जानकारी पहले से थी। हर पहलुओं पर विवेचना की जा रही है।
यह है मामला
ग्राम गडरिया विजय सिंह पिता बलराम पटेल का पैतृक मकान है। उनका पूरा परिवार सिवनी-मालवा में रहता है। गांव में मकान पर नौकर दिन में रहते। रात में घर की रखवाली पपीता बाई पति रामसिंह करती थी। मंगलवार रात को पपीता बाई, अपने छोटे बेटे संजय के साथ विजय पटेल के घर में सो रही थी। रात में अज्ञात व्यक्तियों ने महिला की निर्मम हत्या की। बेटे पर भी धारदार हथियार से हमला किया। बुधवार को वारदात की जानकारी लगने पर पुलिस को बुलाया गया। बेटे संजय को गंभीर हालत में होशंगाबाद जिला अस्पताल भेजा। फिर नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर एसपी डॉ. गुरकरन सिंह, एसडीओपी सौम्या अग्रवाल, टीआई जितेंद्र सिंह पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वार्ड को बुलाया गया। घटनास्थल के मुआयने में घर के एक कमरे का ताला टूटा व अलमारी खुली मिली। जिससे कुछ सामान चोरी होना पाया गया।
चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज
गडरिया में विजय सिंह पिता बलराम पटेल के घर में रखवाली करने वाली महिला की हत्या, बेटे पर हमले और घर में चोरी के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिसमें हत्या, चोरी के प्रयास और चोरी की धाराओं में केस दर्ज किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.