जिले के बीएनपी थाना क्षेत्र के जामगोद में मंदिर के पास गुरुवार सुबह दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। विवाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के साथ धारदार हथियारों से हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। दोनों पक्षों से करीब 8 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार जामगोद गांव में काकड़ के पास 9 बीघा कृ़षि भूमि है। जिसे लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने -सामने हो गए और विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब एक पक्ष के लोग अपने खेत पर जा रहे थे तभी दूसरे पक्ष ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की। जिसमें एक पक्ष से आकाश, विकास, मयूर, सुभाष यादव घायल हो गए। घायलों में आकाश यादव को सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष से सुरेश यादव, नंदी यादव, सचिन सहित एक अन्य को चोट लगी है। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से मारपीट के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है घायल हुए सभी लोग एक ही परिवार के हैं, जिनका लंबे समय से कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। उक्त जमीन एक पक्ष के नाम है और दूसरे पक्ष का कब्जा है। इसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.