देवास। औद्योगिक थाना अंतर्गत क्षिप्रा ब्रिज के नीचे नदी में एक युवक का शव झाड़ियों में फंसा मिला। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवक के पास मिले आधार कार्ड और वोटर आईडी से शव की शिनाख्त हुई।
शिप्रा ब्रिज के नीचे झाड़ियों में फंसा शव शिप्रा के गोताखोर यशवंत जोशी, सुल्तान खान और टीपू खान को नजर आया। तत्काल इस बात की सूचना औद्योगिक थाना पुलिस और डायल 100 को दी। सूचना मिलने पर डायल 100 के औद्योगिक थाना के एएसआई लालसिंह चाैहान और राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इधर गोताखोर युवकों ने नाव की मदद से शव को झाड़ियों में से निकालकर नदी किनारे पर लेकर आए। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड और वोटर आईडी से युवक की शिनाख्त विशाल पुत्र कैलाश सूर्यवंशी (26) निवासी नई बस्ती, निरंजनपुर इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि विशाल गुरुवार को सुबह 8 बजे घर से काम पर जाने का कहकर निकला था। इसके बाद लगभग 11 बजे फोन आया कि मैं मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं। लेकिन इससे पहले भी कई बार विशाल यह धमकी दे चुका है। इसलिए हम लोगों ने उसकी बात पर भरोसा नहीं किया। इसके बाद हम शुक्रवार को गुमशुदगी दर्ज कराने लसूड़िया थाने पर गए। तब पता चला कि शिप्रा में एक युवक की लाश मिली है। मृतक शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। मृतक विशाल मानसिक रूप से परेशान था। संभवतः इसी के चलते उसने शिप्रा नदी में कूदकर खुदकुशी की है।
औद्योगिक थाना के एएसआई लालसिंह चौहान ने बताया कि मृतक की जेब से जो दस्तावेज मिले हैं। उसमें उसकी शिनाख्त विशाल पुत्र कैलाश सूर्यवंशी (27) निवासी 847 नई बस्ती निरंजनपुर इंदौर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक की मौत कैसे हुई, यह पीएम के बाद ही स्पष्ट होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.