इंदौर में सब्जी में धनिया नहीं डालने पर पति ने महिला की पिटाई कर दी। मारपीट से महिला घायल हो गई। गुस्से में आकर उसने जहर खा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला के बयान पर पति के खिलाफ मारपीट और उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
घटना शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की है। लॉकडाउन में राजू राजौरे का काम छूट गया था। अब वह काम पर भी नहीं जाता है। छोटी-मोटी बातों को लेकर वह पत्नी से मारपीट करता है। पुलिस ने बताया कि ऋषि पैलेस निवासी महिला रानू राजौरे ने बताया कि रविवार रात में खाने को लेकर पति राजू से उसका विवाद हुआ। पति ने कहा कि सब्जी में धनिया क्यों नहीं डाला। इस पर उसने कहा कि धनिया नहीं था। इस पर राजू ने उसकी डंडे और लात-घूंसे से पिटाई कर दी। उसे चोटें आईं। कुछ देर बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
घर चलाने का खर्च भी नहीं देता
आरोपी महिला को घर चलाने के लिए खर्चा भी नहीं देता था। बच्चों की फीस भी नहीं भरता था। लगातार मारपीट करता रहता था। पुलिस ने उसके बयान पर पति राजू के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.