इंदौर में बीच चौराहे पर एक मॉडल के डांस ने हंगामा मचा दिया है। मॉडल के डांस की वजह से थोड़ी देर सड़क पर ट्रैफिक भी रुका रहा था। अब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मामला जानकारी में आया है। भाव जो भी हो, लेकिन तरीका गलत है। ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई होगी। ऐसी हरकत आगे न हो इसलिए अफसरों को आदेश दिया गया है।
मॉडल का नाम श्रेया कालरा है। उसने सोमवार को शहर के रसोमा चौराहे पर कार की छत पर भी चढ़कर डांस किया था। इसकी वजह से ट्रैफिक रुका रहा। मॉडल श्रेया कालरा ने डांस के वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इंस्टाग्राम पर उसके ढाई लाख फॉलोअर हैं। डांस के वीडियो को लाखों लोगों ने देखा है। मॉडल के इस डांस को 'डेयर एक्ट' कहा जाता है।
उधर, डांस की वजह से ट्रैफिक रुकने की बात सामने आने के बाद हंगामा मच गया। मामला गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा तक पहुंचा। पत्रकारों ने इस पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मामला मेरी जानकारी में आया है। चौराहे पर डांस का भाव जो भी हो, लेकिन तरीका गलत था। नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डांसिंग मूव्स से ट्रैफिक कंट्रोल करती थी MBA की छात्रा
इंदौर में 2 साल पहले MBA की छात्रा शुभी जैन ट्रैफिक कंट्रोल के अपने अलग अंदाज के कारण चर्चा में थी। शुभी डांस के साथ ट्रैफिक कंट्रोल करती थी। शुभी इंदौर पुलिस के साथ बतौर वॉलंटियर की तरह काम कर रही थी। 23 साल की शुभी जैन पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज की छात्रा थी और इंदौर में ट्रैफिक सुधार के लिए इंटर्नशिप पर आई थी।
रेड सिग्नल पर वाहन चालकों के रुकते ही वह उनके पास पहुंच जाती। वह बड़े ही प्यार से लोगों को यातायात नियम बताती थी। टू-व्हीलर पर हेलमेट पहनकर चलने वालों को सैल्यूट करती, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना हुआ होता है, उनसे हाथ जोड़कर निवेदन करती। कार चालकों से भी सीट बेल्ट लगाने का आग्रह करती थी। शुभी का ट्रैफिक जवान के साथ ट्रैफिक कंट्रोल करते डांस का वीडियो भी सामने आ चुका है।
सोशल मीडिया पर शुभी जैन का वीडियो वायरल होने के बाद ADG वरुण कपूर ने उन्हें सम्मानित किया था। तब शुभी ने बताया था कि वे यातायात जागरूकता अभियान से जुड़ कर न सिर्फ लोगों को जागरूक कर रही हैं, बल्कि अपने साथी व परिवार के लोगों को भी इसी तरह ट्रैफिक रूल्स का पालन करने के लिए जागरूक करती हैं।
माइकल जैक्सन की तरह डांस कर संभालते हैं ट्रैफिक
इंदौर के यातायात संभालने वाले रंजीत सिंह जो कई वर्षों से माइकल जैक्सन की तरह डांस कर यातायात को संभालते हैं। इंदौर हाई कोर्ट चौराहे पर कई वर्षों से वे अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग प्रेरित भी होते हैं। कई जगह उन्हें सम्मान भी मिला है, लेकिन इस घटना को देखकर उन्होंने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह से वीडियो वायरल बनाना नियम का उल्लंघन करना है। यदि आपको ट्रैफिक संभालना है तो यातायात थाने में जाकर सूचना दें, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस आपके साथ खड़ी रहेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.