मध्यप्रदेश में भाजपा विधायक रामश्वेर शर्मा और दिग्विजय सिंह की जुबानी जंग में भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय की भी एंट्री हो गई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए ट्वीट किया- 1 घंटे रामधुन करने से आपको सद्बुद्धि तो आएगी, वृद्धावस्था का भी सकारात्मक उपयोग होगा। भगवान श्रीराम सबका भला करें।
दरअसल, कुछ समय पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि दिग्विजय सिंह यहां आए, कुछ करके गए? कांग्रेस का आदमी इधर आया तो घुटने तोड़ दो। इस पर दिग्विजय सिंह ने शनिवार को शर्मा का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया कि मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताकत हो तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं, हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति लेकर रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा, उनके घर जाकर प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन का जाप करूंगा।
इसके बाद विधायक शर्मा ने ट्वीट किया था कि भगवान राम के नाम का पाठ करने के लिए दिग्विजय सिंह का उनके आवास पर स्वागत है। मैं धन्य महसूस कर रहा हूं कि मेरी वजह से आप प्रभु श्रीराम का भजन करेंगे। 24 की रामधुन इतिहास के पन्नों पर दर्ज होगी। मैं उन्हें रामचरित मानस भेंट करूंगा। स्वल्पाहार के लिए आपके साथ आने वाले श्रीराम भक्तों की संख्या एवं समय बताने का कष्ट करें।
बहरहाल, अब कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर दिग्विजय को आड़े हाथों लिया है। खास बात यह कि भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों में ही यह बात जगजाहिर है कि दिग्विजय और कैलाश विजयवर्गीय व्यक्तिगत रूप से बहुत अच्छे दोस्त हैं और यह गहरी दोस्ती तीन दशक से है, लेकिन किसी भी मौके पर एक-दूसरे पर आरोप लगाने या चुटकियां लेने से नहीं चूकते।
सिद्धू पर भी साधा निशाना
उधर, विजयवर्गीय ने सिद्धू के बयान पर कि वे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अपना बड़ा भाई बताते हैं। इसे लेकर ट्वीट किया कि कांग्रेस और पाकिस्तान का अंदरूनी रिश्ता अब जगजाहिर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.