- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- After Shifting The Sewer Line, Work Will Start Between Shivaji Vatika And Geeta Bhawan.
एलिवेटेड कॉरिडोर:सीवर लाइन शिफ्टिंग के बाद शिवाजी वाटिका से गीता भवन के बीच शुरू होगा काम
- कॉपी लिंक

एबी रोड पर एलआईजी से नौलखा तक बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण अब चौथे हिस्से में भी शुरू करने की तैयारी है। शिवाजी वाटिका से गीता भवन के बीच निर्माण में बाधक सीवर लाइन को नगर निगम शिफ्ट करेगा।
इसके बाद यहां भी निर्माण शुरू हो सकेगा। फिलहाल एलआईजी से मालवीय नगर, एलआईजी से इंडस्ट्री हाउस और शिवाजी वाटिका से जीपीओ के बीच काम चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के ब्रिज सेल द्वारा बनाए जा रहे इस कॉरिडोर में नगर निगम सहित कई एजेंसियों की भूमिका है।
ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा की स्वतंत्र जांच के लिए लोक निर्माण विभाग थर्ड पार्टी कंसल्टेंट नियुक्त करेगा। इसके लिए अलग से टेंडर जारी किए जाएंगे।
एलआईजी चौराहे के दोनों ओर 14 से ज्यादा पियर बने, कांक्रीटिंग शुरू
एलआईजी से इंडस्ट्री हाउस के बीच पियर की कांक्रीटिंग शुरू हो गई है। एलआईजी चौराहे के दोनों ओर अब तक 14 से ज्यादा पियर बन चुके हैं। पूरे कॉरिडोर में पियर की ऊंचाई छह मीटर रखी जाएगी, ताकि नीचे से वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह रहे।
कॉरिडोर निर्माण के दौरान ही तकनीकी खामियों की पहचान की जाएगी
थर्ड पार्टी कंसल्टेंट को रियल टाइम सेफ्टी ऑडिट और क्वालिटी कंट्रोल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे निर्माण के दौरान ही तकनीकी खामियों और सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सकेगा। फिलहाल हाई कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष कमेटी भी प्रोजेक्ट की निगरानी कर रही है।






















