उत्तरप्रदेश में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब द्वारा महिला के सिर पर थूकने के मामले में मध्यप्रदेश में भी बवाल हो गया है। इंदौर के विधायक आकाश विजयवर्गीय ने आंदोलन की चेतावनी दी है। विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर कहा है कि हबीब के इंदौर स्थित सभी सैलून 48 घंटे में बंद किए जाएं। इस संबंध में कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और निगम कमिश्नर को अवगत कराया है। कार्रवाई नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। बता दें, इंदौर में हबीब के 10 सैलून हैं।
उधर, भाजपा शहर उपाध्यक्ष सुमित मिश्रा ने जावेद की इस हरकत को अक्षम्य बताया है। साथ ही, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने लिखा कि जावेद खुद को भाजपा का सदस्य बताता है, यदि ऐसा है तो उसे निष्कासित किया जाए।
मिश्रा ने लिखा है कि ओमिक्रॉन का संक्रमण नाक और मुंह से फैलता है। दुनिया के विशेषज्ञ लोगों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। खुद को हेयर डिजाइनर बताने वाला यह व्यक्ति इंसानियत का दुश्मन बनकर थूक भी रहा है। दूसरों को भी ऐसा करने के लिए उकसा रहा है। यह तालिबानी सोच है।
यह है मामला
3 जनवरी को मुजफ्फरपुर के जड़ौदा में होटल में जावेद हबीब की वर्कशॉप थी। इस दौरान जावेद ने हेयर स्टाइल के टिप्स दिए थे। जावेद हबीब ने बताया कि पानी न होने की स्थिति में थूक से भी हेयर कट किए जा सकते हैं। उन्होंने डेमो के रूप में कुर्सी पर बैठी महिला के सिर पर थूक दिया। इसका वीडियो 6 जनवरी को सामने आया। महिला की पहचान पूजा गुप्ता के रूप में हुई। वह बागपत जिले में बड़ौत कस्बे की रहने वाली है। वह ब्यूटी पार्लर चलाती है।
पूजा ने 6 जनवरी को थाना मंसूरपुर में जावेद हबीब के खिलाफ केस दर्ज कराया है। हबीब पर IPC की धारा-355, 504 और आपदा प्रबंधन एक्ट में केस दर्ज किया गया। इसके बाद ही हिंदू संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया था। हालांकि, हबीब ने माफी भी मांग ली थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.