इंदौर में छेड़छाड़ से परेशान 11वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जाता है कि इलाके में रहने वाला 17 साल का लड़का उसका लगातार पीछा कर परेशान करता था। इसके चलते उसने दो बार थानों में शिकायत भी की। एक दिन पहले नाबालिग मनचले ने अपने दोस्तों के साथ आकर बच्ची के परिवार के लोगों से विवाद किया था। मामले में अब पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक घटना गुरूशंकर नगर की है। यहां रहने वाली 16 साल की छात्रा ने अपने घर में फांसी लगा ली। छात्रा महू नाका स्थित शासकीय विद्यालय में 11वीं की छात्रा थी। शनिवार को वह अपने घर पर अकेली थी छोटी बहन बाहर खेल रही थी। बाद में 12 साल की बहन अंदर आते ही उसने बहन को फंदे पर लटके देखा तो परिवार वालों को सूचना दी।
स्कूल आते-जाते करता था परेशान
छात्रा के पिता ने बताया कि वह गाड़ी चलाते हैं। उनके घर के पास ही आरोपी छात्र रहता है। जो आते-आते उनकी बेटी को परेशान करता था। जनवरी से लगातार वह बच्ची को परेशान कर रहा था। पहले उसने रिक्शा में स्कूल जाते समय बेटी को गाड़ी से उतारकर मारपीट की थी। मामले में छत्रीपुरा थाने में केस दर्ज कराया था। इसके बाद इलाके में आकर छेड़छाड़ करने लगा। जब हरकतें बढ़ी तो जुलाई माह में यहां भी केस दर्ज करा दिया। शुक्रवार को शुभम अपने साथियों के साथ घर के बाहर आया था। उसने कहा था कि बेटी जब 18 साल की हो जाएगी तो उसे उठाकर ले जाएगा। इस बात को लेकर छात्रा काफी घबराई हुई थी। शनिवार को जब परिजन काम पर गए थे। जब छात्रा ने प्रताड़ित होकर जान दे दी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.