भोपाल के एक TI ने इंदौर के पुलिस कंट्रोल रूम में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। उन्होंने पहले एक महिला सब इंस्पेक्टर को गोली मारी, इसके बाद खुद जान दे दी। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बताया है।
भोपाल के श्यामला हिल्स थाने के TI हाकम सिंह इंदौर आकर महिला SI रंजना खांडे के साथ कॉफी पी रहे थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और TI ने अचानक गोली चला दी। कंट्रोल रूम के बाहर दो फायर की आवाज सुन अन्य पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो वहां कार के पास TI हाकम सिंह पवार और SI रंजना लहूलुहान पड़े थे। पुलिसकर्मियों ने समझा कि दोनों को किसी ने गोली मारी है।
जब वे पास पहुंचे तो माजरा समझ आया। TI के पैरों के पास उनकी सर्विस रिवॉल्वर पड़ी हुई थी। जब महिला तो हिलाया तो वह उठकर बैठ गईं और सड़क पर आ गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पुलिस अधिकारी, FSL व अन्य टीमें पहुंच गईं। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र भी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे।
विवाद की ये वजह भी आई सामने
घायल रंजना ने मीडिया से सीधे बात नहीं की। उनके नजदीकी लोगों का कहना है कि TI हाकम सिंह पंवार और महिला SI के बीच कार को लेकर विवाद चल रहा था। महिला ने हाकम सिंह से कार खरीदी थी, लेकिन TI ने कार ट्रांसफर नहीं की थी। इसी बात को लेकर दो-तीन दिन से दोनों में तनातनी चल रही थी। इसे लेकर शुक्रवार को भी दोनों में विवाद हुआ था।
ये भी बात सामने आ रही है कि TI हाकम सिंह इंदौर में पोस्टिंग के दौरान महिला ASI रंजना के घर में किराये से रहे थे।
तीन दिन की छुट्टी लेकर गए थे इंदौर
भोपाल के एडिशनल DCP रामस्नेही मिश्रा का कहना है कि TI हाकम सिंह 6 फरवरी 2022 को भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ हुए थे। वह खटलापुरा इलाके में फ्लैट लेकर किराए से रहते थे। मूलत: तराना उज्जैन के रहने वाले हाकम सिंह भोपाल में अकेले रहते थे। 21 जून को तीन दिन की छुट्टी लेकर गए थे। गुरुवार को उन्हें जॉइन करना था। 58 साल के TI हाकम सिंह कॉन्स्टेबल पद पर पुलिस में भर्ती हुए थे।
वह इंदौर, महेश्वर, राजगढ़, खरगोन और भोपाल में पदस्थ रहे। बताया जा रहा है कि हाकम सिंह ने 3 शादियां की थीं।
खरगोन की रहने वाली हैं रंजना
घायल SI रंजना खरगोन जिले की रहने वाली हैं। वर्ष 2014 में वे सीधी भर्ती के जरिए पुलिस विभाग में ज्वाइन हुई। उनकी पहली पोस्टिंग धार में हुई थी। वे साल 2018 में इंदौर आई। अभी पुलिस कंट्रोल रूम में हैं। फिलहाल घायल महिला SI का उपचार चल रहा है। रंजना को डॉक्टरों ने अभी बोलने से मना किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.