इंदौर में अगस्त की शुरुआत से ही बारिश हो रही है। 15 दिन में 14 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। 1 जून से अब तक की बात की जाए तो 33 इंच बरसात हो चुकी है। औसत बारिश का आंकड़ा 36.6 इंच है। अगस्त की बारिश का कोटा 12 इंच है। यानी आधे अगस्त में ही कोटे से 2 इंच ज्यादा पानी गिर गया।
इंदौर के ईस्ट (पलासिया और आसपास के इलाके) और वेस्ट (राजवाड़ा और आसपास के इलाके) हिस्से में बारिश का अलग-अलग ट्रेंड रहता है। मानसून में कभी वेस्ट खूब भीगता है तो कभी ईस्ट। 8 साल में अगस्त में इंदौर ईस्ट में 100.83 इंच पानी गिरा, जबकि वेस्ट में 93.52 बारिश हुई। लेकिन, ताजा स्थिति की बात की जाए तो अगस्त के 16 दिन में इंदौर ईस्ट में 10.5 तो इंदौर वेस्ट में 13.6 इंच बारिश हो चुकी है। 8 साल का रिकॉर्ड देखें तो अगस्त में वेस्ट सबसे ज्यादा 2020 में भीगा। यहां 24 इंच बारिश हुई। सबसे कम बारिश 2021 में 6.20 इंच रही। ईस्ट में 2020 में सबसे ज्यादा 22.85 इंच पानी गिरा। सबसे कम बारिश 2014 में 6.22 हुई।
खबर में आगे हम बताएंगे इंदौर और ईस्ट की बसाहट और हरियाली के बारे में, लेकिन उससे पहले जानते हैं ईस्ट और वेस्ट में कौन से इलाके आते हैं...
ईस्ट: शास्त्री ब्रिज तक का पूरा क्षेत्र
ईस्ट में बाइपास, पीपल्याहाना, शिवाजी प्रतिमा, छावनी, पलासिया, गीता भवन, जंजीरवाला चौराहा, मालवा मिल, एलआईजी, एमआईजी, स्कीम 54, 74, 78, 114, देवास नाका आते हैं। यानी शास्त्री ब्रिज तक का पूरा हिस्सा पूर्वी क्षेत्र में आता है।
वेस्ट: शास्त्री ब्रिज के बाद का पूरा क्षेत्र
दूसरी ओर, शास्त्री ब्रिज के दूसरी तरफ एमटीएच, कोठारी मार्केट, जेल रोड, राजवाड़ा, सराफा, खजूरी बाजार, अन्नपूर्णा, महू नाका, एरोड्रम क्षेत्र, एरोड्रम आदि पश्चिम क्षेत्र में आते हैं।
अब ईस्ट और वेस्ट की जियोग्राफिकल कंडीशन भी समझ लीजिए...
ईस्ट में बसाहट कम; हरियाली ज्यादा
यहां एग्रीकल्चर कॉलेज के पास खुद की कई एकड़ जमीन है। इसमें खेती होती है। इसी तरह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पुलिस विभाग) की करीब 1000 एकड़ जमीन है। इन दोनों जगहों पर इस मौसम में पर्याप्त हरियाली रहती है। इसके अलावा रेसिडेंसी, नवरतन बाग, पीपल्याहाना आदि ईस्ट के ऐसे इलाके हैं, जहां काफी हरियाली है। नवरतन बाग में तो वन विभाग की नर्सरी ही है। कुल मिलाकर यहां बसाहट कम और हरियाली ज्यादा है। इसके उलट गर्मी में यहां हरियाली गायब होकर जमीन लगभग बंजर भी हो जाती है। इसके चलते तीनों मौसम में इसका अलग प्रभाव रहता है।
वेस्ट में बसाहट ज्यादा, हरियाली कम
पश्चिम क्षेत्र के शहरी हिस्से में शास्त्री ब्रिज के बाद से एरोड्रम क्षेत्र तक काफी बसाहट है। यहां रहवासी क्षेत्र के अलावा कई बाजार हैं, जबकि हरियाली काफी कम है। फिर एरोड्रम के बाद एयरपोर्ट के आगे तक काफी खुला क्षेत्र और हरियाली है। यहां भी गर्मी में स्थिति बदल जाती है।
इंदौर में अगस्त में हुई बारिश का आंकड़ा
साल | ईस्ट (बारिश इंच में) | वेस्ट (बारिश इंच में) |
2014 | 6.22 | 7.73 |
2015 | 12.69 | 11.42 |
2016 | 13.71 | 12.46 |
2017 | 9.62 | 8.80 |
2018 | 7.60 | 9.96 |
2019 | 17.64 | 12.95 |
2020 | 22.85 | 24 |
2021 | 10.5 | 6.20 |
2022 | 10.5 (1 अगस्त से 16 अगस्त) | 13.6 (1 अगस्त से 16 अगस्त) |
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.