पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
राज्य शासन के आदेश के बाद कलेक्टर मनीष सिंह ने शुक्रवार शाम 6 से सोमवार सुबह 6 बजे तक 60 घंटे का लॉकडाउन करने का आदेश जारी कर दिया। इस बार इंदौर की शहरी सीमा के साथ ही राऊ, महू, मानपुर, सांवेर, हातोद, देपालपुर, गौतमपुरा व बेटमा के नगरीय क्षेत्र भी बंद रहेंगे। इन क्षेत्रों में सोमवार से गुरुवार तक रात 10 से सुबह 6 बजे तक राित्रकालीन लॉकडाउन भी लागू किया जा रहा है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन संबंधी आदेश में शासन ने शादियों को अलग से छूट नहीं दी है, इसलिए प्रशासन द्वारा इसमें कोई मंजूरी जारी नहीं होगी। कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी दफ्तरों में कार्य दिवस सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन का कर दिया है।
समय सुबह 10 से शाम 6 बजे तक का होगा। उधर, 4 जिलों खरगोन, रतलाम, कटनी, बैतूल में 7 दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। दमोह को लेकर फैसला शुक्रवार को होगा। इधर, इंदौर में 887 नए कोरोना मरीज मिले, 4 की मौत हो गई। एक्टिव मरीज 6921 हो चुके हैं।
लॉकडाउन में इन्हें छूट...
नाइट कर्फ्यू के दौरान रिसोर्ट में चल रही थी शादी, वर-वधू दोनों पक्षों पर केस
नाइट कर्फ्यू के बाद भी गांधीनगर क्षेत्र के एक रिसोर्ट में शादी में देर रात तक मेहमाननवाजी चल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश दी तो अंदर 150 से ज्यादा लोग भोजन कर रहे थे। पुलिस ने गार्डन संचालक के साथ वधू और वर पक्ष के तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। गांधी नगर टीआई संतोष यादव के अनुसार सूचना मिली थी कि गोम्मटगिरि स्थित ड्रीम वर्ल्ड रिसोर्ट में शादी चल रही है।
टाइम ओवर होने के बाद भी कार्यक्रम जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची तो वहां 150 से ज्यादा लोग थे। हालांकि लोगों ने कहा कि पूरा कार्यक्रम निपट गया है, लेकिन कुछ परंपराएं बाकी हैं। इस पर पुलिस ने रिसोर्ट संचालक, वर और वधू के पक्ष सहित तीन लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज किया है।
कंटेनमेंट एरिया बड़ा हो सकेगा, बेड 1 लाख होंगे
गुरुवार को कोरोना की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बड़े शहरों में बड़े कंटेनमेंट एरिया बनाए जा सकते हैं। अस्पतालों में बेड की संख्या भी जल्द एक लाख की जाएगी। सरकारी के साथ निजी अस्पतालों का सहयोग भी लिया जा रहा है। शुक्रवार को कैबिनेट के सदस्यों, फिर सांसद-विधायकों से बात करूंगा।
दावा 300 टन ऑक्सीजन मप्र को रोज मिल रही
ऑक्सीजन की कमी से हो रही मौतों पर गुरुवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। केंद्र सरकार से वीडियो कांफ्रेंसिंग भी की गई। उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने प्रदेश के बाहर से आने वाली ऑक्सीजन का रिव्यू किया। सरकार ने दावा किया प्रदेश को रोज 300 टन ऑक्सीजन मिल रही है।
इन परिवारों का दर्द समझें
आईसीयू के लिए चार अस्पताल भटकने के बाद भी नहीं मिली जगह, मरीज ने एम्बुलेंस में ही तोड़ा दम
इंदौर | काेराेना संक्रमित एक मरीज ने अाईसीयू बेड नहीं मिल पाने के कारण एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया। परिजन कपिल ने बताया कि 40 साल के जितेंद्र राठौर निवासी परिवहन नगर को बुधवार रात करीब 9.30 बजे द्वारकापुरी से गीतांजलि अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई गई। अस्पताल प्रबंधन ने पहले बेड खाली नहीं होने का हवाला दिया। फिर कोरोना रिपोर्ट नहीं आने का बोलकर कोरोना वार्ड में भर्ती करने से मना कर दिया। परिजन एम्बुलेंस लेकर एक से दूसरे अस्पताल में भटकते रहे, लेकिन उन्हें कहीं भी आईसीयू या ऑक्सीजन बेड खाली नहीं मिला। आखिरकार रात करीब 12.15 बजे मरीज ने दम तोड़ दिया।।
फिर सुपर लापरवाही
मरीज की स्थिति जानने फोन लगाया तो पता चला मौत हो चुकी है, परिजन 3 घंटे तक ढूंढते रहे शव
सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में गुरुवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। मरीज का हाल जानने फोन लगाया तो परिजन को बताया गया कि उनकी मौत हो चुकी है। सुबह शव लेने पहंुचे तो वह गायब मिला। 3 घंटे तक खोजने के बाद शव एमवाय की मर्च्युरी में मिला। नेहरू नगर निवासी 47 वर्षीय मरीज के भाई ने बताया कि सुपर स्पेशिलिटी में 15 दिन पहले भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने रेमडेसिविर इंजेक्शन लाने के लिए कहा था। 4 हजार में रेमडेसिविर और 32 हजार रुपए का टॉसीलिजुमाब इंजेक्शन मंगवाया। शाम को फोन पर बात हुई कि स्थिति गंभीर है। देर रात खबर दी कि मौत हो गई है।
पॉजिटिव- कुछ रचनात्मक तथा सामाजिक कार्यों में आपका अधिकतर समय व्यतीत होगा। मीडिया तथा संपर्क सूत्रों संबंधी गतिविधियों में अपना विशेष ध्यान केंद्रित रखें, आपको कोई महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती हैं। अनुभव...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.