शहर में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए अब वैक्सीनेशन में फिर गति लाई जाएगी। इसके लिए 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर वैक्सीनेशन महाभियान चला जाएगा। इसमें डेढ लाख से ज्यादा लोगों को दूसरा डोज लगाया जाएगा। इसी कड़ी में इसमें गति 15 सितंबर से ही लाई जाएगी और ज्यादा से ज्यादा लोगों का दूसरा डोज का टारगेट पूरा किया जाएगा।
पिछले दिनों 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर में इंदौर ने पहला डोज का 100 फीसदी टारगेट पूरा कर देश में पहला स्थान पाया। इस दौरान कुल 28,35,278 को पहला डोज लगाया गया। इधर, अभी तक 11,13,543 लोगों (39.25 फीसदी) लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। ऐसे में अब टारगेट बाकी 61 फीसदी को पूरा करना है। वैसे ‘वैक्सीनेशन महाभियान’ के तहत 21 जून से चले अभियान में करीब 4 लाख लोगों को पहला डोज लगाया गया था। इस लिहाज से जिन लोगों ने कोविशील्ड के डोज लगाए थे, उनके 84 दिनों अवधि हाल में खत्म हुई है जिसके चलते अब उन्हें दूसरा डोज लगाया जाएगा। मामले में कलेक्टर मनीषसिंह ने इस बाबत निर्देश जारी किए हैं।
टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता के मुताबिक महाभियान 17 सितंबर को होगा और डेढ़ लाख से ज्यादा डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 13 सितंबर सोमवार को केवल कोवैक्सीन के डोज ही लगाए जा रहे हैं। फिर मंगलवार 14 सितंबर को केवल गर्भवती महिलाओं का वैक्सीनेशन होगा। वैसे अब तक 12 हजार से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को पहला डोज लगाया जा चुका है। इसी कड़ी में 15 सितंबर से (महाभियान के पहले) ही ज्यादा से ज्यादा सेंटर बनाकर वैक्सीनेशन होगा ताकि इस हफ्ते 3.50 लाख से ज्यादा लोगों को दूसरा डोज लगाया जा सके। लोगों से अपील की गई है कि जिन लोगों के पहले डोज के बाद की अवधि खत्म हो गई है, वे दूसरा डोज अवश्य लगाएं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.