इंदौर के रामचंद्र नगर चौराहे से लगे VIP रोड पर रविवार रात दो बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। यहां पान की दुकान चलाने वाले युवक से 100 रुपए मांगे। नहीं देने पर लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां मौत हो गई। आरोपी चचेरे भाई हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने बचाने आए युवक की भी पिटाई की। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पिंटू दुबे रामचंद्र नगर में VIP रोड पर पान की दुकान चलाता था। वह रामचंद्र नगर चौराहे पर ही रहता था। रात करीब 8 बजे एरोड्रम इलाके के 2 बदमाश नशे में धुत होकर पहुंचे। आरोपियों ने उससे 100 रुपए मांगे। पिंटू ने रुपए देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पिंटू को दुकान से बाहर निकालकर पहले गाली-गलौज की, फिर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडे से दुकान में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान युवक बंटी बचाने आया। आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को गीताजंलि अस्पताल भिजवाया, जहां पिंटू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नशे के लिए रंगदारी करते हैं आरोपी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी नशे को लेकर इलाके में रंगदारी करते हैं। पहले भी पिंटू से उनका विवाद हुआ था। आरोपियों ने यहां कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट की थी। वहीं, वाहनों के कांच फोड़ दिए थे।
कारों के कांच फोड़े, दहशत फैलाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने रॉड से सड़क चलते कई वाहन चालकों को भी निशाना बनाया। इसके साथ ही उन्होंने इलाके में खड़ी कारों के कांच भी फोड़ दिए। CSP जयंत राठौर के मुताबिक, आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका चचेरा भाई फरार है। दोनों रुक्मिणी नगर के रहने वाले हैं।
शनिवार को भी हुई थी मारपीट
पिंटू की दुकान के पास विजय सोलंकी भी चप्पल की दुकान चलाता है। उसने बताया, शनिवार को भी आरोपियों ने नशे की हालत में सिगरेट ली थी। सिगरेट के 80 रुपए मांगने पर आरोपियों ने पिंटू की पिटाई कर दी थी। इसके बाद आरोपी रविवार को फिर से पहुंचे थे। शराब पीने के लिये रुपए मांगे। विजय के मुताबिक तीनों आरोपी मरीमाता चौराहे से लोगों से मारपीट करते आ रहे थे। उन्होंने विजय की दुकान पर खड़े लोगों पर भी हमला किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.