प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन इंदौर में अलग ही तरीके से सेलिब्रेट किया गया। यहां की नमो-नमो शंकरा संस्था की शिखा शर्मा ने 21 सदस्यीय टीम के साथ मिलकर मां हीराबेन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लड्डू खिलाते हुए 3डी तस्वीर बनाई है। 7100 स्क्वायर फीट की रंगोली को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसे बनाने में 1960 किलो रंग लगा है। इसके पहले वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और राम मंदिर की थ्री डी रंगोली बना चुकी हैं।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इंदौर में तमाम आयोजनों के बीच खालसा स्टेडियम चर्चाओं में रहा। रंगोली को बनाने के लिए भी कलाकार शिखा शर्मा और उनकी टीम ने खासी मेहनत की है। अब तक रंगोली निर्माण में रिकॉर्ड कायम कर चुकी शिखा शर्मा ने इस विशाल रंगोली के माध्यम से एक और रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
राम मंदिर, महात्मा गांधी के बाद नरेंद्र मोदी
रंगोली आर्टिस्ट शिखा शर्मा ने बताया कि इससे पहले उन्होंने 3 हजार व 5000 स्क्वायर फीट की रंगोली बनाई थी। कलाकार ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए यह रंगोली बनाई थी। शर्मा ने बताया कि 71वें जन्मदिन पर उनके लिए यदि कुछ अलग करना है तो उन्होंने यहां सोचा कि 7100 स्क्वायर फीट की रंगोली उनके लिए एक अलग डेडीकेशन होगा। पिछले वर्ष मोदी जी को उनकी मां द्वारा मिठाई खिलाने का फोटो काफी वायरल हुआ था। इसलिए इस जन्मदिन पर उनका यह चित्र हर व्यक्ति के जहन में बैठा हुआ है। इस रंगोली को 36 घंटों की मेहनत के बाद बनाया गया है। रंगोली बनाने में 1960 किलो रंग लगा है 15 से 20 अलग-अलग रंगों का इस्तेमाल भी किया गया है। इससे पहले शिखा द्वारा महात्मा गांधीजी, राम मंदिर व अन्य 3 डी रंगोलियां भी बनाई गई हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.