इंदौर के बिजनेसमैन के घर से सोना चोरी होने के मामले में खुलासा हो गया और पुलिस को इनाम भी मिल गया। इस चोरी और चोरों के पकड़े जाने की कहानी दिलचस्प है। पहले बताते हैं हुआ क्या था...
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक दिन पहले लोहा व्यापारी बुरहानउद्दीन शब्बीरउद्दीन के यहां से सोना चोरी हो गया। पहले पाॅइंट 75 लाख का सोना चोरी होने का चला तो पुलिस हैरान रह गई। हालांकि बाद में यह राशि घटती-बढ़ती रही। पता चला कि व्यापारी के यहां खुद के अलावा समधी का भी सोना रखा था, वह चोरी हुआ है। पुलिस ने 24 घंटे में ही सीसीटीवी के आधार पर दो चोरों को पकड़ लिया। इनसे 22 लाख का माल ही जब्त हुआ है। असल राशि कितनी थी, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, व्यापारी ने खुश होकर पुलिस को 50 हजार का इनाम दे दिया है।
अब जानिए जब घर सूना नहीं था तो चोरी कैसे हो गई
इंदौर के सैफी नगर निवासी लोहा व्यापारी बुरहानउद्दीन ने बताया, 3 मंजिला मकान में वे और उनकी पत्नी थीं। बेटा हमजा और बहू दोनों ही घर पर नहीं थे। बेटे के ससुराल वाले जियारत करने परिवार सहित ईरान गए थे। उनका घर सूना न रहे इसलिए बेटा-बहू ससुराल वहां सोने चले गए। समधी अपना सोना भी हमारे ही घर पर रखकर गए थे, ताकि सुरक्षित रहे। चूंकि बेटा-बहू समधी के घर ही सोने जा रहे थे इसलिए ऊपर की दोनों मंजिलों पर ताला लगा रखा था।
समधी का सोना चोरी गया था, मेरी तो भूख-प्यास ही मिट गई
व्यापारी बुरहानउद्दीन ने बताया उनके समधी हकीममुद्दीन गुलजार कॉलोनी में रहते हैं। समधी अपना घर और सोना हमारे सुपुर्द करके ईरान गए थे। जब चोरी की जानकारी लगी तो भूख-प्यास मिट गई। उन्हें लगा कि समधी के धन की हिफाजत ठीक से नहीं कर पाए। बेटे के ससुराल में क्या मुंह दिखाएंगे। ऊपर जहां सोना रखा था, वो हिस्सा सूना था।
रात 11 बजे तक जागते रहे, चोर रात 1.30 बजे घर में घुसे
बुरहानउद्दीन ने कहा कि यह वारदात बिना रैकी के संभव नहीं है। मैं रोजाना सुबह साढ़े चार बजे नमाज पढ़ने जाता हूं, इसलिए रात 9 बजे तक हर हाल में सो जाता हूं। उस दिन TV पर मूवी देखने के कारण मैं और पत्नी रात 11 बजे तक जाग रहे थे। इसलिए नींद गहरी आ गई। चोर घर में रात 1.30 बजे घुसे। चोर सबसे पहले बाहर के बेडरूम के रास्ते घर में घुसे। यहां गेट का लॉक तोड़ा और सीढ़ियों से ऊपर पहुंचे। यहां दूसरे कमरे के सभी लॉक एक-एक कर तोड़े। वे घर में करीब एक घंटे तक रुके रहे।
अब चोरों का किरदार... सोना देख घबरा गए... शहर छोड़ दिया
बुरहानउद्दीन के यहां चोरी के बाद पकड़ाए दो चोर रशीद पुत्र सबीर खान और अब्दुल रफीक पुत्र हैदर खान को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही जावरा से पकड़ लिया। दोनों ने बताया, एक साथ इतना सोना देखकर हम घबरा गए थे। चोरी के बाद तत्काल जावरा चले गए। वहां हमारे रिश्तेदार रहते हैं, इसलिए हमें वही जगह सबसे सुरक्षित लगी।
सीसीटीवी में चेहरा देख चोरों का पता लगाया
जूनी इंदौर टीआई योगेश सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस ने आसपास के सभी CCTV खंगाले। मुखबिरों को भी एक्टिव किया, उन्हें फोटो दिखाकर चोरों की जानकारी निकाली। इनमें से एक चोर का मोबाइल नंबर हमें मिल गया। इसके बाद हमने उस नंबर को तत्काल सर्विलांस पर ले लिया। हमें उसकी लोकेशन जावरा की मिली। चूंकि लोकेशन नहीं बदल रही थी, इसलिए हमने तत्काल पुलिस टीम को रवाना कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सोना बरामद कर लिया है।
व्यापारी ने पुलिस को दिया 50 हजार का चेक
बोहरा व्यापारी बुरहानउद्दीन ने कार्रवाई से खुश होकर 50 हजार रुपए का चेक उपहार स्वरूप पुलिस को सौंपा। उन्होंने कहा काफी कम समय में पुलिस चोरों तक पहुंच गई। जिसे लेकर परिवार ने पुलिस को सम्मानित करने का फैसला लिया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.