इंदौर के थ्री स्टार होटल 'अपना एवेन्यू' में खाना खाने के बाद पुणे से आए बारातियों की तबियत बिगड़ गई। सभी बारातियों को उल्टी-दस्त हो गए। दुल्हन के परिवार के कुछ लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दुल्हन के पिता ने होटल पर खराब खाना देने का आरोप लगाया है।
पुणे के एक इंजीनियर की शादी इंदौर में रहने वाली युवती से हुई है। 1 दिसंबर की शादी के बाद जब बारात प्लेन से पुणे पहुंची, तो बारातियों की वहां तबीयत बिगड़ गई। दुल्हन के परिवार के लोगों की भी तबीयत खराब हुई।
इंदौर के जंजीरवाला चौराहे पर अपना एवेन्यू होटल में खजराना के दूध व्यापारी मुकेश नागर की बेटी की शादी थी। बारात पुणे से 30 नवंबर को आई थी। एक दिसंबर के दिन फेरे होने के बाद दोपहर में खाना था। करीब 25 बाराती पुणे से इंदौर आए थे। बारात वापस गई, तो पुणे में सभी बारातियों को उल्टी-दस्त की परेशानी हुई। डॉक्टर ने फूड पॉइजनिंग की बात कही। दुल्हन के पिता मुकेश नागर ने आरोप लगाया कि मामले में वह होटल में शिकायत करने पहुंचे, तो उन्होंने मामले को दिखवाने का बोलकर उन्हें रवाना कर दिया। नागर के मुताबिक उनके घर पर भी चार लोगों की तबियत बिगड़ी थी। उनकी बेटी की शादी पुणे के इंजीनियर शरद से हुई है।
फूड अच्छा था, बाहर से लाए थे रसगुल्ले
अपना एवेन्यू होटल के मैनेजर बीएस सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उनके यहां का फूड अच्छा था। दिखवाने पर उन्हें लापरवाही नहीं मिली। शादी के दिन कुछ लोगों का उपवास था। बाहर से रसगुल्ले और फरियाल मंगाया गया था। संभवत: वो खराब होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.