इंदौर में TI के सुसाइड मामले में उनकी पत्नी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सुसाइड का पता चलते ही TI हाकम सिंह की पत्नी रेशमा मॉर्चुरी पहुंची। रेशमा ने पुलिस को बताया कि एएसआई रंजना TI को कई दिनों से परेशान कर रही थी। उन्होंने रंजना से 5 लाख रुपए का सोना लिया था। एएसआई यही रुपए वापस मांग रही थी। बता दें कि शुक्रवार को भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ TI ने इंदौर के पुलिस कंट्रोल रूम में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। उन्होंने पहले एक महिला ASI को गोली मारी थी। पूरा मामला जानने के लिए यहां क्लिक करें
TI की पत्नी रेशमा शेख से जानिए पूरी कहानी...
मैं बेटमा में रहती हूं। 8 साल पहले हाकम सिंह की पोस्टिंग गौतमपुरा में थी। इसी दौरान मेरी मुलाकात हाकम सिंह से हुई थी। मुलाकात बढ़ती गई और एक दिन हमने शादी कर ली। हाकम सिंह ने दो शादियां और की थीं। मैं उनकी तीसरी पत्नी हूं। उज्जैन के पास तराना की रहने वाली लीलावती उनकी पहली पत्नी है। लीलावती से कोई संतान नहीं होने के बाद हाकम सिंह ने सीहोर की रहने वाली सरस्वती से शादी की। सरस्वती से दो बच्चे हैं। बेटा मयंक और बेटी नेहा सीहोर के स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।
हाकम सिंह ने जिस एएसआई रंजना को गोली मारी, उसके बारे में मुझे बताया था। रंजना ने शादी नहीं की है। वह कई दिनों से उन्हें परेशान कर रही थी। इन्वेस्टमेंट के नाम पर हाकमसिंह ने रंजना से 5 लाख रुपए का सोना लिया था। उन्होंने कई बार इस बारे में मुझे बताया। वो रुपए की मांग कर रही थी। हाकम सिंह ने मुझसे रुपए मांगे। मुझसे उनकी परेशानी देखी नहीं गई, तो मैंने प्लॉट और जेवर गिरवी रखकर 5 लाख का इंतजाम किया और हाकम सिंह को दिए। इसके बाद शुक्रवार को मुझे उनके सुसाइड की खबर मिली।
मिलते रहते थे रंजना और हाकम सिंह
2012 में रंजना ने पुलिस भर्ती की परीक्षा दी। जिसमें उसका सिलेक्शन होने के बाद वो लगभग 5 साल धार में पदस्थ रही। 2018 में महेश्वर में उसकी मुलाकात TI हाकम सिंह से हुई। कुछ समय बाद TI का तबादला राजगढ़ हो गया और एएसआई का तबादला धार से इंदौर हो गया। वे दोनों इंदौर के डीआईजी ऑफिस में अक्सर मिलते रहते थे। दोनों के अफेयर होने की बात भी सामने आ रही है।
10 दिन पहले हुआ था विवाद
घटना के समय रंजना का भाई कमलेश साथ था। कमलेश ने पुलिस को बताया, पुलिस में नौकरी के बाद बहन ने शादी नहीं की। हम चार भाई-बहन हैं। 10 दिन पहले क्रेटा गाड़ी को लेकर हाकम सिंह और बहन के बीच विवाद हुआ था। जिसके लिए रंजना ने भोपाल के जोन-3 के डीसीपी से शिकायत की थी। इस मामले को खत्म करने के लिए हाकम सिंह इंदौर आए थे।
शुक्रवार को गाड़ी देने पुलिस कंट्रोल रूम आए थे हाकम सिंह
कमलेश ने बताया, शुक्रवार दोपहर को गाड़ी हेंडओवर करने के लिए हाकम सिंह ने रंजना को पुलिस कंट्रोल रूम के रेस्टोरेंट में बुलाया था। दोनों के बीच पहले विवाद हो चुका है। इसलिए इस बार बहन ने मुझे भी बुला लिया। रेस्टोरेंट में दोनों ने पहले चाय पी। फिर झगड़ा करते हुए बाहर चले गए। कहासुनी के बीच हाकम सिंह ने सर्विस रिवॉल्वर निकाल कर रंजना पर फायर किया। गोली रंजना के कान को छूते हुए निकल गई। वो बेहोश होकर नीचे गिर गई। हाकम सिंह को लगा कि रंजना की मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने अपनी बांए कनपटी पर गोली मार ली। फिलहाल बहन खतरे से बाहर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.