इंदौर के रसोमा चौराहे पर ट्रैफिक SI ने ई-रिक्शा चालक को थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही उस पर 500 रुपए का जुर्माना भी लगा दिया। गुरुवार दोपहर की इस घटना का वीडियो रात में वायरल हो गया। वीडियो अधिकारियों पास पहुंचते ही SI को देर रात लाइन अटैच कर दिया गया। हालांकि, इस मामले में ई-रिक्शा चालक भी बराबरी का जिम्मेदार था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर रसोमा चौराहे पर ई-रिक्शा चालक रेड लाइट क्रॉस करके आगे बढ़ गया। वहीं, ट्रैफिक SI बलराम दीक्षित ग्रीन लाइट होने के बाद बाइक से सड़क पार कर रहे थे।ई-रिक्शा चालक ने दीक्षित को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दीक्षित गिर गए। विवाद के बाद उन्होंने ई-रिक्शा चालक को थप्पड़ जड़ दिया।
6 महीने बाद होना है रिटायरमेंट
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि SI बलराम दीक्षित का 6 महीने बाद रिटायरमेंट है। दीक्षित कुछ समय पहले ही SI बने हैं। इलाके में अधिक ट्रैफिक ना हो इसके लिए वह दिन भर भ्रमण करते रहते हैं। SI ग्रीन लाइट में सड़क क्रॉस कर रहे थे। ई-रिक्शा चालक की गलती है, लेकिन वायरल वीडियो में दीक्षित ही पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया।
SI को वर्दी का सम्मान करना चाहिए था
विभाग के अधिकारियों का कहना है, जब भी वर्दी में विवाद होता है, तो आम व्यक्ति मारते हुए सिर्फ पुलिस का ही वीडियो बनाता है। दूसरी ओर सामने वाला व्यक्ति क्या कर रहा है और उसकी क्या गलती यह कभी सामने नहीं आता है। फिर भी पुलिस को वर्दी का सम्मान रखना चाहिए और सड़क पर इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.