इंदौर में नकली पुलिस अफसर केस में पुलिस ने महिला तांत्रिक छोटू महाराज की गिरफ्तारी की है। नकली पुलिसवाला रवि सोलंकी उर्फ राजवीर ठगी गई रकम तांत्रिक को लाकर देता था। तांत्रिक ने उसे तंत्र-मंत्र से नोटों की बारिश का कराने का लालच दे रखा था। इतना ही नहीं, वह उसे अपने पास तंत्र-मंत्र कराने आने वाली ऊंचे घरों की महिलाओं से भी मिलवाती थी, इसके बाद ही उन्हें ठगने की पूरी प्लानिंग रची जाती थी।
SP आशुतोष बागरी ने बताया कि सोमवार को रवि से कई घंटे तक पूछताछ की गई। उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। वह शहर के विजय नगर, लसूडिया, हीरा नगर में लोगों से ठगी करता था। उसने लोगों को इतने प्रभाव में ले रखा था कि लोग उसे फोन कर शिकायत तक दर्ज कराते थे। इसके बाद वह इन शिकायतों को CM हेल्पलाइन में दर्ज करा देता था। समाधान होने पर बताता था कि उसने समस्या का समाधान करवा दिया है। आरोपी ने थाने में यह तक कहा कि उसे पुलिस में भर्ती कर लीजिए। कई खबरें लाकर दूंगा।
ऐसे बनाता था शिकार
आरोपी शहर के कई इलाकों में घूमता रहता था। कुछ लोग उसके जाल में फंस जाते थे। जो भी व्यक्ति फोन पर उसे अपनी समस्या बताता था, आरोपी उसे अपने ही नंबर से 181 पर फोन कर CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवा देता था। शिकायत दर्ज होने के बाद थाने पर फरियादी को बुलाया जाता था। समस्या का समाधान हो जाता था। इससे पीड़ित को लगता था कि रवि ने ही उसकी समस्या का समाधान करवाया है। आरोपी के मोबाइल से CM हेल्पलाइन से आए SMS भी पुलिस को मिले हैं।
नोटों की बारिश के लिए तांत्रिक को देता था रुपए
थाना प्रभारी तहजीब काजी ने सोमवार देर रात आरोपी से जब पूछा कि वह इतने रुपए का करता क्या था। आरोपी ने बताया कि ठगे हुए रुपयों को वह तांत्रिक छोटू महाराज के पास लेकर जाता था। नोटों की बारिश करने के लिए कई तंत्र क्रियाओं का सामान भी मंगाया जाता था। कुछ रोज पहले वह इंदौर के करीब माचल श्मशान घाट गए थे। वहां छोटू बाबा के साथ अन्य दो व्यक्ति भी थे। नोटों की बारिश की बात हुई थी, लेकिन महाराज किसी आत्मा को दिखाकर वहां से वापस ले आए। नोटों की बारिश नहीं हुई।
शोरूम मालकिन को ऊपरी हवा के नाम पर ठगा
रवि ने बताया कि जीप शोरूम मालकिन से भी लाखों की ठगी की। शोरूम के कुछ कर्मचारी छोटू महाराज के यहां आया करते थे, जिनसे उनकी मुलाकात छोटू महाराज ने ही पुलिस वाला बताकर कराई थी। कुछ दिन बाद कर्मचारी उसे शोरूम पर ले गए। वहां उसने भूत बाधा की कहानी रची। शोरूम मालकिन को कहा कि उसके यहां ऊपरी हवा है। छोटू महाराज ही इसे दूर कर सकते हैं। इसके बाद दोनों ने मिलकर उससे लाखों की ठगी की।
फोन आते थे- सर यहां रेड डाल दो
रवि ने अपना जाल कई थाना क्षेत्रों में इस तरह से फैला दिया था कि कई लोग फोन पर उससे संपर्क कर उसे गांजा तस्करी और जुआ-सट्टा खेलने वालों के नाम-पते देते थे। कई लोग उसे रेड डालने की जब बात करते थे, तो रवि वहां नहीं जाता था। कह देता था कि वह अभी दूसरे थाने पर है। 100 नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा दो। अधिकारी को कह देता हूं।
ये भी पढ़ें:-
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.