पढ़ाई में हमेशा अव्वल आने वाली 10th की स्टूडेंट ने फांसी लगा ली। शुक्रवार को उसका मेथ्स का पेपर था। गुरुवार-शुक्रवार की रात साढ़े तीन बजे पिता जब बेटी के कमरे में गए थे तो वह पढ़ाई कर रही थी। सुबह साढ़े पांच बजे मोबाइल पर लगातार अलार्म बजने पर मां ने देखा तो वह फंदे पर लटकी हुई थी। सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मामला तेजाजी नगर का है। खुशी पुत्री ललित पंजनानी (15) का शुक्रवार को मेथ्स का पेपर था। वह इसे लेकर तनाव में थी। संभवत इसी बात को लेकर उसने यह कदम उठा लिया। परिवार के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि छात्रा पढ़ने में काफी होशियार थी।
एएसआई श्यामलाल तंवर के मुताबिक खुशी का शव शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे उसकी मां ने कमरे में लटका देखा। उसका गुरुवार को साइंस का पेपर था। जो बिगड़ गया था। शुक्रवार को उसका मेथ्स का पेपर होना था। रात साढ़े तीन बजे पिता ने खुशी को पढ़ाई करते हुए देखा था। इसके बाद वह सोने चले गए थे। पिता ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ने में होशियार थी, लेकिन पेपर बिगड़ने से तनाव में थी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। खुशी का एक बड़ा भाई है। वहीं पिता निजी काम करते है। परिवार ने जानकारी में बताया कि वह शुक्रवार को एग्जाम के बाद खुशी को लेकर बाजार जाने वाले थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.