इंदौर में कोरोना वैक्सीन सर्टिफिकेट से एक बिजनेसमैन की दूसरी शादी पकड़ी गई। महिला ने जब पति का पेंट धोने के लिए निकाला तो उसे जेब से वैक्सीन सर्टिफिकेट मिला। इसका पता चलते ही दोनों के बीच विवाद भी हुआ। मामला मई 2021 का है। इस बीच परिवार और अन्य लोग रिश्ते को टूटने से बचाने की कोशिश में लगे रहे। पति ने दोनों पत्नियों को साथ रखने का प्रस्ताव भी दिया। जिसे पहली पत्नी ने मना कर दिया।
जून 2021 में पति ने पहली पत्नी को मायके लाकर छोड़ दिया। पति अपने साथ दो बेटों को भी ले गया। महिला ने शुक्रवार को पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला की शादी 20 साल पहले महाराष्ट के अहमदनगर के गांव मलठन में हुई थी। उसके पति और ससुर का रेत का बड़ा कारोबार है। पढ़िए महिला की आपबीती... उसी की जुबानी
'मेरे पति और ससुर का महाराष्ट्र के अहमदनगर में रेत का बड़ा कामकाज है। शादी के पांच साल बाद से ही पति मुझसे मारपीट करता था। वे बिना बात के नाराजगी जाहिर कर बार-बार घर छोड़ जाते थे। लेकिन बच्चों के चलते मैं चुप रहती थी। बेटियों के कारण मैंने अपना घर नहीं बिगड़ने दिया। 2018 में पहली बार परिवार के ही सदस्यों ने राजेश (पति) के किसी दूसरी महिला से संबंध होने और उसके साथ रहने की जानकारी दी। किसी ने बताया कि पति ने उस महिला से शादी भी कर ली है। लेकिन मैंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। मई 2021 में पति के कपड़ों से मुझे एक कोरोना वैक्सीन सर्टिफिकेट मिला। यह भूमिता नाम की महिला का था। इसमें पति की जगह पर राजेश का नाम लिखा था। इस बात को लेकर हम दोनों में काफी विवाद हुआ। इसके बाद पति मुझे जून 2021 में इंदौर मेरे मायके में छोड़कर चले गए।'
TI ज्योति शर्मा के मुताबिक वीणा नगर में रहने वाली रेखा भिसे ने अपने पति राजेश भिसे और ससुर गहीनाथ भिसे निवासी मलठन ग्राम अहमद नगर के खिलाफ मारपीट करने और प्रताड़ित करने के मामले में केस दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। और उसे इंदौर छोड़ गया। इस दौरान वह अपने दोनों बेटों को जबर्दस्ती साथ ले गया।
शादी से चार बच्चे, दो पिता के पास, एक बेटी पुणे में
पुलिस के मुताबिक रेखा और राजेश के शादी से चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी 18 साल, छोटी बेटी 16 और दो बेटे 14 और 12 साल के हैं। राजेश की बेटी पुणे में पढ़ाई कर रही है। जबकि छोटी बेटी अपनी मां के साथ है। दो बेटों को राजेश अपने साथ जनवरी में जबरदस्ती घर ले गया। जहां वह पढ़ाई के साथ पिता का काम संभाल रहे हैं। पीड़िता को काफी धमकियां मिल रही थी। इसे लेकर उसने महिला थाने की शरण ली थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.