जबलपुर में एक विवाह समारोह में की गई हर्ष फायरिंग की वजह से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बंदूक से निकली गोली 26 साल के एक युवक को लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। फायरिंग का आरोप BJP नेता और पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के रिश्तेदार पर है।
मामला बेलबाग थाना क्षेत्र का है, मृतक का नाम रोहित पिल्लै है। दो महीने पहले उसके पिता के दिल का ऑपरेशन हुआ था। रोहित उन्हें देखने ही घर आया था। इसी दौरान वो मंगलवार रात अपने दोस्त मिंटू सोनकर की शादी में शामिल होने ब्यौहार बाग पहुंचा। जहां हल्दी का प्रोग्राम चल रहा था, तभी ये हादसा हो गया।
गोली लगते ही बेसुध होकर नीचे गिरा युवक
फंक्शन के बीच आरोपी प्रद्युम्न सोनकर ने 12 बोर की बंदूक से फायरिंग कर दी। एक गोली रोहित के सीने में लगी। वह बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा। खून से लथपथ रोहित को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहित के चाचा पीएस पिल्लै ने बताया कि रोहित पुलिस लाइन में रहता था। उसके पिता पुलिस में हैं। मंगलवार शाम 9 बजे रोहित शादी में गया था। रात 10.30 बजे हमें सूचना मिली कि रोहित को गोली लग गई है। जब तक हम लोग अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही बेलबाग थाना पुलिस के साथ SP सिद्धार्थ बहुगुणा मौके पर पहुंचे। आरोपी प्रद्युम्न सोनकर भी मिंटू का दोस्त है। आरोपी प्रद्युम्न, पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के बेटे पार्षद राम सोनकर का साला है।
खबर आगे पढ़ने से पहले इस खबर पर आप अपनी राय यहां दे सकते हैं।
अस्पताल में हंगामा, तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के कुछ देर बाद ही रोहित के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे के शव को देखकर मां किरण पिल्लै फूट-फूटकर रोने लगीं। उनके आंसू नहीं थम रहे थे। पिता वासु पिल्लै का भी बुरा हाल था। अस्पताल में हंगामा होते देख गोरखपुर, बेलबाग, ओमती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
दो महीने पहले ही हुआ था पिता का ऑपरेशन
रोहित के चाचा पीएस पिल्लै ने बताया कि रोहित के पिता वासु पिल्लै का दो महीने पहले ही दिल का ऑपरेशन हुआ है। जैसे ही बड़े बेटे रोहित की मौत की खबर वासु को लगी, तो वे बदहवास हो गए। छोटे भाई विवेक की आंखों से भी आंसू नहीं थम रहे थे। कोई यह मानने को तैयार नहीं था कि जिस रोहित को उन्होंने कुछ देर पहले सही-सलामत देखा था, वह अब इस दुनिया में नहीं है।
अविवाहित था रोहित
रोहित दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता था और अविवाहित था। एक बहन की शादी हो चुकी है। वह पुणे में रहती है। उससे छोटा एक भाई भी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.