जबलपुर में साढ़े तीन महीने बाद कोविड के 5 केस गुरुवार को सामने आए। संक्रमितों में मुम्बई से लौटे दंपती और 12 व 14 साल के भाई-बहन भी शामिल हैं। इस महीने अब तक कोविड के कुल 22 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 23 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। जिले में एक्टिव केस छह हो गए हैं। सभी संक्रमितों का जीनोम सिक्वेंसिंग के सेम्पल भी भेजे जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़े के मुताबिक 23 दिसंबर को 5674 सेम्पल की रिपोर्ट आई। इसमें पांच में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में कृपाल चौक निवासी दंपती शामिल हैं। 34 व 29 वर्षीय पति-पत्नी हाल ही में मुम्बई से लौटे हैं। वहीं तीन संक्रमित राइट टाउन के रहने वाले हैं। इसमें दो संक्रमित एक ही परिवार के भाई-बहन हैं। दोनों की उम्र 12 व 14 वर्ष है। मई के बाद बच्चे संक्रमित हुए हैं।
सितंबर में आए थे एक साथ 8 केस
इससे पहले 10 सितंबर को 8 केस सामने आए थे। वहीं 21 व 22 सितंबर को चार कोविड के केस सामने आए थे। गुरुवार को एक संक्रमित स्वस्थ हुआ। जिले में एक्टिव केस 6 हो गए हैं। पांचों संक्रमितों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है।
रात का कर्फ्यू शुरू
कोविड के बढ़ते मामलों के बीच शासन के निर्णय के बाद जबलपुर में भी रात्रिकालीन कर्फ्यू शुरू हो गई। रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक सख्ती से पालन कराने के लिए 30 पुलिस प्वाइंट बनाए गए हैं। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के मुताबिक रात में बेवजह निकलने वालों पर कार्रवाई होगी। कलेक्टर ने इसी के साथ रोको-टोको अभियान भी शुरू करने का निर्देश दिया है। बिना मास्क के निकलने वालों पर कार्रवाई होगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.