जबलपुर में दुर्गा पंडाल में डांस को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। एक पक्ष के लोगों ने पंडाल में रखे तलवार से एक युवक पर जानलेवा वार कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी नुकीले वस्तु से वार कर घायल कर दिया। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। गढ़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।
गढ़ा पुलिस के मुताबिक चिकनी कुआं में दुर्गा प्रतिमा स्थापित किया गया है। यहां शुक्रवार 15 अक्टूबर की रात में डीजे पर डांस चल रहा था। देवताल रामनगर निवासी अंकित चौधरी सहित अन्य युवक डांस कर रहे थे। उसी दौरान वहां चिकनी कुआं का रहने वाला पंकज पटेल भी अपने दोस्तों के साथ पहुंचा और वह भी डांस करने लगा।
डांस के दौरान गाना बदलने पर हुआ विवाद
डांस के दौरान पंकज पटेल ने गाना बदलने को कहा, इस पर पहले से डांस कर रहे अंकित ने विरोध किया। इसी पर उनके बीच कहासुनी और विवाद हाे गया। बताते हैं कि पंकज ने पंडाल में रखे तलवार से अंकित चौधरी पर वार कर दिया। वहीं अंकित चौधरी ने पंकज पटेल पर किसी नुकीले वस्तु से वार कर घायल कर दिया। विवाद के चलते अफरा-तफरी मच गई थी। इसी बीच सूचना पाकर गढ़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
टीआई राकेश तिवारी के मुताबिक अंकित चौधरी (21) की शिकायत पर पंकज पटेल सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। वहीं पंकज पटेल की शिकायत पर अंकित चौधरी के खिलाफ नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों को मेडिकल में भर्ती कराया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.