किसान महंगी यूरिया की बजाए नैनो तरल यूरिया का छिड़काव कर अधिक उत्पादन ले सकते हैं। इसकी लागत भी कम आएगी। प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने चरगंवा रोड स्थित ग्राम ललपुर में फसल पर ड्रोन से नैनो तरल यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन देखा।
ड्रोन से नैनो तरल यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन रविवार को इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने दलाल कृषि फार्म में किया। कृषि मंत्री के साथ हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल भी मौजूद थे। इफको के अधिकारियों ने बताया की नैनो यूरिया (लिक्विड), मौजूदा यूरिया का बेहतर विकल्प है। यूरिया की तुलना में नैनो तरल यूरिया का उपयोग कहीं ज्यादा आसान है और यह उससे सस्ता होता है। फसल पर इसका छिड़काव पानी में मिलाकर किया जाता है।
चरगवां रोड पर है हरियाणा के कृषि मंत्री का 200 एकड़ का कृषि फार्म
यहां बताते चलें कि हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने 25 साल पहले जबलपुर में 200 एकड़ कृषि भूमि ली थी। वर्तमान में यहां अत्याधुनिक तरीके से सब्जी की खेती होती है और ट्रकों से माल दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जाता है। इस कृषि फार्म में रोज 400 से 500 मजदूर काम करते हैं।
कृषि विवि के बायोफर्टिलाइजर सेंटर का अवलोकन
इसके पहले कृषि विकास मंत्री पटेल ने सुबह हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल के साथ जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के बायोफर्टिलाइजर सेंटर का अवलोकन किया। यहां मौजूद कृषि वैज्ञानिकों से चर्चा की और उन्हें जैव उर्वरकों के इस्तेमाल के लिए किसानों को जागरूक और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
सहजपुर पहुंच कर आचार्य विद्यासागर से लिया आशीर्वाद
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने जबलपुर प्रवास के दूसरे दिन रविवार को हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल के साथ सहजपुर पहुंचकर आचार्य विद्यासागर के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कृषि मंत्री पटेल ने बाद में कृषि उपज मंडी परिसर शहपुरा में पंचकल्याणक की चल रही तैयारियों का जायजा भी लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.