महिला समूह के नाम पर 12 लोगों से ठगी:जबलपुर में दो पर केस, लोन दिलाने का झांसा देकर 25-25 लाख रुपए ऐंठ लिए

जबलपुरएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर दर्ज हुई एफआईआर। - Dainik Bhaskar
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर दर्ज हुई एफआईआर।

महिला समूह के नाम पर बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर दो आरोपियों ने लाखों रुपए हड़प लिए। 25 से 50 हजार रुपए लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 25-25 लाख रुपए का लोन लेकर स्वयं हड़प गए। बैंक से वसूली के लिए नोटिस मिला, तब पीड़ित लोगों को इसकी जानकारी हुई। विजय नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

विजय नगर पुलिस के मुताबिक आईटीआई चुंगी नाका माढ़ोताल निवासी नरेंद्र सिंह ठाकुर ने एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा से मामले की शिकायत की थी कि वह कार वाश का काम करता है। शांतिनगर में सुरेश मतानी की भी कार वाश करता है। सुरेश मतानी ने उससे एक दिन कहा कि मैं तुम लोगों का 25 से 50 हजार रूपए तक का महिला ग्रुप लोन करा दूंगा, तुम आईडी लाकर दो।

झांसे में फंसकर साथ वाले सभी लड़कों को मिलवा दिया

इस पर उसने अपने साथ काम करने वाले सभी लड़कों को बताया कि सुरेश मतानी महिला ग्रुप लोन करते हैं। लोन लेना हो तो तुम सभी लेाग आईडी ले आओ। सभी की सहमति से हम लोगों ने सुरेश मतानी को आईडी दे दी। कुछ लोगों ने बैंक मे साईन भी किये और कुछ की आईडी यह कह कर वापस दे दी कि लोन नहीं हुआ।

बैंक अधिकारी ने घर पहुंच कर 25 लाख रुपए लोन होने की दी सूचना

अभी कुछ दिन पहले बैंक से अधिकारी ने घर आकर कहा कि आपका 25 लाख रूपये का लोन है। अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए हम लोगों ने बताया कि वे बैंक में हस्ताक्षर करने नहीं गए थे, तो लोन कहां से हो गया। बात में पता चला कि सुरेश मतानी और महेश मतानी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर 12 से 15 लोगों के नाम पर 25-25 लाख रूपए का लोन स्वीकृत कराकर स्वयं रकम हड़प कर गए।

डीएसपी क्राइम की जांच में हुई पुष्टि

एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने मामले की जांच डीएसपी क्राइम सुशील चौहान को दी। जांच में सुरेश मतानी और महेश मतानी का फर्जीवाड़ा सामने आया। दोनों आरोपियों ने महिला समूह का लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों से आईडी, अंकसूची और अन्य जरूरी दस्तावेज लिए। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर विजय नगर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से नरेन्द्र सिंह ठाकुर की पत्नि ज्योति ठाकुर के नाम पर 25 लाख रूपये, पूनम ठाकुर, प्रियंका ठाकुर, भारती सोनी सहित 12 लोगों के नाम पर भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर 25-25 लाख रूपये का लोन स्वीकृत कराकर स्वयं पैसे हड़प लिए।

प्रारंभिक जांच में दो आरोपी आए सामने

अभी तक की जांच पर शांतिनगर निवासी सुरेश मतानी और महेश मतानी प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए हैं। इस प्रकरण में कुछ बैंक कर्मियों के भी संलिप्तता की आशंका है। पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच करने में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ विजय नगर थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करके दूसरे के नाम पर लोन की राशि हड़पने का प्रकरण दर्ज कर लिया है।