कोविड की तीसरी लहर के खतरे के बीच जबलपुर में 15 से 18 वर्ष के बच्चों ने गजब का उत्साह दिखाया है। अभिभावकों ने भी बच्चों को वैक्सीन लगवाने में आगे आए। दो दिन में जिले में 76 हजार से अधिक बच्चों को वैक्सीन लग चुकी है। जिले में 1 लाख 18 हजार बच्चों को वैक्सीन लगनी है। इधर, कलेक्टर ने 29 स्कूल प्राचार्यों को नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों में नाममात्र के बच्चे ही वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे थे।
जिले में तीन जनवरी को बच्चों का वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ। पहले दिन 31 हजार 86 बच्चों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें जबलपुर में सबसे अधिक 11 हजार से अधिक वैक्सीनेशन हुआ। चार जनवरी को नियमित टीकाकरण की वजह से बच्चों का वैक्सीनेशन नहीं हुआ। पांच जनवरी को जिले में 308 सेशन आयोजित किया गया था। शाम तक 45 हजार 367 बच्चों को वैक्सीन लगी। ये कुल टार्गेट का 65% है।
ब्लॉक | 3 जनवरी | 5 जनवरी | कुल वैक्सीनेशन |
शहपुरा | 2976 | 2727 | 5703 |
मझौली | 4109 | 3064 | 7173 |
पनागर | 1997 | 2824 | 4821 |
कुंडम | 1971 | 2833 | 4804 |
पाटन | 3155 | 2152 | 5307 |
सिहोरा | 2702 | 3846 | 6548 |
बरगी/बरेला | 2704 | 2780 | 5484 |
जबलपुर | 11472 | 25141 | 36613 |
इधर, 29 स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया
टीकाकरण अभियान में अभिभावकों को जागरुक नहीं कर पाने के चलते कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने 29 स्कूल प्राचार्यों को नोटिस जारी किया है। 15 से 18 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन के लिए स्कूलों को ही सेंटर बनाया गया है। एक सप्ताह पहले ही इसकी तैयारी शुरू कर दी गई थी। सभी स्कूल प्राचार्यों को अभिभावकों के साथ मीटिंग कर बच्चों को वैक्सीनेशन के लिए बुलाने की तैयारी करनी थी। पर इन स्कूलों में 50 प्रतिशत भी बच्चें नहीं पहुंचे।
सबसे खराब वैक्सीनेशन वाले स्कूल
इन स्कूल प्राचार्यों को जारी हुआ नोटिस
शास. हाई स्कूल घंसौर बरगी, हाईस्कूल पिंडरई, हाईस्कूल कालादेही, हाईस्कूल मोहास, बाॅयज सुकरी, डगडगा हिनौता, हाईस्कूल पिपरिया, उत्कृष्ट कॉलेज कुंडम, शास. सेकेंडरी स्कूल झिरिया, जमगांव, उमावि इमलईराजा, उमावि बढ़ियाखेड़ा, हाईस्कूल धनवाही, तिलसानी, पड़वार, सहजनी, कुंडा, बेलखाडू, सकरा, उमावि चरगवां, भीटाफुलर, हाईस्कूल मनकेड़ी, बरमान नयानगर, सुंदरादेही, हाईस्कूल नीची, हाईस्कूल कोहला और मगरमुंहा।
160 सेंटर्स पर वैक्सीनेशन
गुरुवार को जिले में 160 सेंटर्स पर वैक्सीनेशन हो रहा है। 25 हजार डोज लगाने का लक्ष्य है। 60 सेंटर्स शहर में और 100 सेंटर्स ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए हैं। जिला वैक्सीनेशन अधिकारी एसएस दाहिया के मुताबिक वैक्सीन की कम मात्रा के चलते सेंटर्स की संख्या घटानी पड़ी। बुधवार को वैक्सीन आनी थी, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से नहीं आ पाई। आज 1 लाख 54 हजार को-वैक्सीन की डोज मिलने की उम्मीद है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.