कांग्रेस ने जबलपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर जगत बहादुर सिंह अन्नू को नियुक्त किया है। अभी तक ये जिम्मेदारी दिनेश यादव संभाल रहे थे। जगत बहादुर सिंह अन्नू कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अन्नू को काफी जुझारू माना जाता है। उनकी नियुक्ति कर कांग्रेस ने पार्टी को जिले में धार देने की कोशिश की है। इसके साथ ही दो अन्य शहरों खंडवा व बुरहानपुर में भी शहर और ग्रामीण इकाईयों को भंग कर दिया है। ये घोषणा पार्टी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने की है।
मूलत: यूपी के सुल्तानपुर निवासी जगत बहादुर सिंह अन्नू नरसिंह वार्ड में रहते हैं। वह इस वार्ड से एक बार स्वयं और दूसरी बार उनकी पत्नी यामिनी सिंह अन्नू पार्षद रह चुकी हैं। इससे पहले वे कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी प्रवक्ता, नगर निगम पार्षद दल के प्रवक्ता सहित कई जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। 20 साल से पार्टी में सक्रिय 49 वर्षीय जगत बहादुर सिंह अन्नू इस बार महापौर पद के भी तगड़े दावेदार माने जा रहे हैं।
पार्टी नए चेहरों को आगे बढ़ाने में जुटी
जगत बहादुर सिंह अन्नू की नियुक्ति से साफ हाे गया है कि पार्टी अब बदलाव के मूड में है। अन्नू की छवि जुझारू और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भी काफी मजबूत मानी जाती है। वह पार्टी से अलग सामाजिक सरोकारों के लिए भी लगातार सक्रिय रहते हैं। शहर हित के मुद्दें पर लगातार मुखर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में नवनियुक्त शहर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि पार्टी के विश्वास पर वो खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.