जबलपुर से जल्द ही सिंगरौली के बीच भी मेमू का संचालन शुरू किया जाएगा। यह जानकारी जबलपुर रेल मंडल के रेल प्रबंधक संजय विश्वास ने दी। बताया कि हाल ही में शुरू हुई तीनों मेमू और कटनी-बीना के बीच पहले से संचालित मेमू को लेकर यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिला है। यात्रियों की मांग को देखते हुए जबलपुर से सिंगरौली के बीच मेमू संचालित करने का प्रस्ताव रेलवे को बोर्ड को भेजा जा चुका है। जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने वाली है।
डीआरएम विश्वास ने बताया कि अभी मानिकपुर से सतना, सतना से कटनी, कटनी से इटारसी और कटनी से बीना के बीच चार मेमू क संचालन हो रहा है। चारों फुल होकर चल रही हैं। यात्रियों की एक बड़ी संख्या सिंगरौली रूट पर भी मेमृ संचालन की मांग की जा रही थी। जल्द ही इस रूट पर भी मेमू का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ये मेमू जबलपुर से सिंगरौली के बीच चलेगी।
कोच रेस्टोरेंट के साथ फेमिना स्टोर भी खुलेगा
जल्द ही मदनमहल स्टेशन के बाहर कोच रेस्टोरेंट चालू हो जाएगा। इसके अलावा जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर फेमिना स्टोर खोला जा रहा है। इस स्टोर पर महिलाओं से जुड़ी सभी वस्तुओं को उपलब्ध कराया जाएगा। स्टेशन पर जल्द ही खादी के काउंटर भी खुलेंगे। डीआरएम ने कोविड को लेकर कहा कि जबलपुर के केंद्रीय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट चालू कर दिया गया है। रेलवे के सभी कर्मचारियों का वैक्सीनेशन करने के साथ ही स्टेशन आने वाले यात्रियों को भी वैक्सीन लगाने की तैयारी है।
माल ढुलाई में भी हुआ जबरदस्त काम
डीआरएम विश्वास ने कहा कि जबलपुर रेल मंडल ने किसानों के उत्पाद सहित व्यापारियों और माइनिंग की ढुलाई भी शुरू कर दी है। मालगाड़ियों की औसत गति 58 किमी प्रति घंटे किए जाने से हम कम समय में बुकिंग का माल गंतव्य तक पहुंचा पा रहे हैं। इसके साथ ही मंडल से संचालित सभी ट्रेनों के इंजनों में अब सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.