जबलपुर में पेंशन घोटाला सामने आया है। प्रकरण सिहोरा की ग्राम पंचायत रानीताल का है। यहां 45-50 उम्र वाले लोगों को वरिष्ठ नागरिक दर्शा कर पेंशन योजना का लाभ दिया गया। गांव की पूर्व महिला सरपंच के खुलासे से हड़कंप मचा हुआ है। जिला पंचायत की तरफ से जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रानीताल ग्राम पंचायत की पूर्व महिला सरपंच चांदनी राय ने लिखित शिकायत कर दावा किया है कि यहां रोजगार सहायक सचिव और सचिव की जुगलबंदी ने ऐसे लाेगों को योजनाओं का लाभ दे दिया, जिसके वे हकदार ही नहीं हैं। 60 से 75 की उम्र में मिलने वाली योजनाओं का लाभ 45 से 50 उम्र वाले व्यक्तियों को दिया गया है। जिला पंचायत सीईओ-अध्यक्ष को मामले की शिकायत भेजी है। इस प्रकरण के बाद सिहोरा जनपद और जिला पंचायत में हड़कंप मचा हुआ है। उधर रोजगार सहायक सचिव मनोज राय ने बताया कि सरपंच के बिना पैसे नहीं निकलते हैं। इस मामले की जांच भी जिला पंचायत स्तर से चल रही है।
जिला पंचायत सीईओ रिजु बाफना के मुताबिक शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त सीईओ मनोज सिंह के मुताबिक दो सिंतबर को इस प्रकरण में सभी पक्षों की पेशी है। इस गांव में सरपंच और राजगार सहायक सचिव के बीच अर्से से विवाद चल रहा है।
14 लोगों को दिया फर्जी तरीके से लाभ
महिला सरपंच रहीं (कार्यकाल समाप्त होने के बाद से चुनाव नहीं) चांदनी राय ने शिकायत के माध्यम से जिला पंचायत सीईओ को बताया कि उनके ग्राम पंचायत में 14 लोगों को फर्जी तरीके से पेंशन मिल रही है। 60 से कम उम्र के बावजूद वे निराश्रित वृद्धा अवस्था पेंशन और राशन पात्रता पर्ची का लाभ पा रहे हैं।
हितग्राही | समग्र आईडी में उम्र | वोटर आईडी में उम्र |
हल्केराम | 73 | 60 |
रामलाल | 72 | 50 |
भारत | 76 | 55 |
रामकुमार | 65 | 60 |
बहादुर | 72 | 55 |
भगत सिंह | 73 | 64 |
मानसिंह | 74 | 54 |
दुर्गा | 75 | 70 |
सुशील | 74 | 42 |
सुखनंदी | 76 | 55 |
गोधन | 77 | 55 |
पुरुषोत्तम | 72 | 48 |
सुखचेन | 74 | 50 |
गुड़ीबाई | 74 | 64 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.