रेत विवाद में जबलपुर के शहपुरा में खूनी संघर्ष हो गया। रेत नाका के गुर्गों ने बीजेपी के शहपुरा मंडल अध्यक्ष के भाई को गोली मार दी। इस दौरान करीब 50 राउंड फायरिंग की गई। एक गोली जबड़े को चीरते हुए कान के पास से निकल गई। पुलिस ने मौके से 17 खोखे 315 बोर के और 3 खोखे 12 बोर के जब्त किए हैं। वहीं विवाद के दौरान एक राहगीर का सिर आरोपियों ने फोड़ दिया। विवाद की सूचना मिलते ही एसडीओपी सहित चार थाने का बल पहुंच गया।
शहपुरा खैरी निवासी बीजेपी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह गौर रेत का काम करते हैं। पिछले तीन दिनों से रेतनाका पर तैनात कर्मियों से रॉयल्टी कटाने को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की रात भी उनके ट्रैक्टर-ट्राली रेत लेकर निकले तो रेतनाका के गुर्गों ने रोक लिया। इसी की सूचना पर शैलेंद्र और उसका छोटे भाई दीपक सिंह गौर (32) अन्य साथियों के साथ कार से पहुंचे थे।
शहपुरा-चरगवां रोड पर रेतनाका पड़ाव पर रात 8.30 बजे पहुंचे तो फिर रेतनाका के कर्मियों से रॉयल्टी कटाने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि रेतनाका पर मौजूद गुर्गों हेमराज, शूटर उर्फ राजू राजपूत, मोनू शर्मा व अनुराग शर्मा सहित अन्य ने दीपक सहित उसके साथियों पर दनादन कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली दीपक के जबड़े को कान के पास से चीरते हुए निकली है। रेत नाका पर तैनात गुर्गे आराध्या ग्रुप के थे।
राहगीर का फोड़ दिया सिर
रेतनाका के गुर्गों ने विवाद के दौरान बेसबॉल के डंडे भी चलाए। इस हमले में शहपुरा निवासी राहगीर मनोज सोनी (50) का सिर फट गया। वह नर्मदा दर्शन कर घर जा रहा था कि विवाद की चपेट में आ गया। दीपक सिंह को गोली लगते ही डायल-100 पर सूचना दी गई। करीब 20 मिनट बाद ही 500 मीटर की दूरी तय कर शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी भाग चुके थे। मौके पर दो कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। रेतनाका की चौकी में भी तोड़फोड़ की गई है, जो गोली लगने के बाद दीपक सिंह के पक्ष वालों ने किया।
हालत गंभीर, निजी अस्पताल में हुआ ऑपरेशन
दीपक को गंभीर हालत में शहपुरा से जबलपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनके जबड़े का ऑपरेशन किया। जबकि घायल राहगीर मनोज सोनी (50) को शहपुरा में भर्ती कराया गया। विवाद की खबर मिलते ही पाटन एसडीओपी देवी सिंह सहित शहपुरा, भेड़ाघाट, चरगवां व बेलखेड़ा थाने का बल पहुंच गया। एएसपी शिवेश सिंह बघेल भी मौके पर पहुंचे हैं।
जालम सिंह पटेल के बेटे मोनू की दीपक से है दोस्ती
दीपक का शहर में शंकरशाह वार्ड में भी घर है। वह अधिकतर शहर में ही रहता है और यहां से पार्षद चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा है। उसकी गोटेगांव विधायक जालम सिंह पटेल के बेटे मोनू पटेल से गहरी दोस्ती है। गोली लगने की खबर पाकर मोनू पटेल भी निजी अस्पताल पहुंचा था। खुद दीपक भी बीजेपी का सक्रिय कार्यकर्ता और जबलपुर रिलायबल ऑर्गनाइजेशन (जेआरओ) का अध्यक्ष है। पुलिस पर आराेपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का दबाव भी बढ़ गया है।
आराध्या ग्रुप का है ठेका
रेत का ठेका आराध्या ग्रुप का है। रेत नाका पर भी उसके ही ग्रुप के कर्मी रखे गए हैं। आराध्या ग्रुप में मोनू पटेल भी पार्टनर बताया जाता है। जबकि उसकी दीपक से गहरी दोस्ती है। बावजूद उसे गोली मार देना पुलिस को भी चक्कर में डाल दिया है। एएसपी शिवेश सिंह बघेल के मुताबिक शैलेंद्र सिंह की शिकायत पर हेमराज, शूटर उर्फ राजू राजपूत, मोनू शर्मा व अनुराग शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया गया है। वहीं शहपुरा निवासी मनोज सोनी को हल्की चोटें आई हैं। एमएलसी कराकर उनकी शिकायत पर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया है।
रेत चोरी का पूरा विवाद
शासन की ओर से शहपुरा में मालकछार व रमखिरिया घाट स्वीकृत हैं। पर रेत ठेकेदार और स्थानीय लोग दूसरे घाटों से भी धड़ल्ले से रेत निकालते हैं। खैरी निवासी शैलेंद्र सिंह शीतलपुरी घाट से रेत निकासी अवैध तरीके से कराते हैं। इसी रेत परिवहन को लेकर विवाद गहराया था। उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली काे रेतनाका के गुर्गे पिछले तीन दिन से रोक रहे थे। वारदात से पहले भी रेतनाका के गुर्गो ने शैलेंद्र के वाहनों को रोका था। इसके बाद शैलेंद्र भी अपने भाई दीपक व अन्य लोगाें के साथ मौके पर पहुंचा। वहां मौजूद हेमराज राव, राजू उर्फ शूटर राजपूत, मोनू शर्मा व अनुराग शर्मा से विवाद हो गया। हेमराज व राजू के कहने पर मोनू व अनुराग ने फायरिंग की थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.