15 साल की किशाेरी से रेप के आरोपी को जबलपुर पुलिस ने चित्रकूट से गिरफ्तार कर लिया है। 55 साल का अधेड़ आरोपी चित्रकूट में ढोंगी बाबा बनकर छिपा हुआ था। पुलिस उसके ही आश्रम में रुकी रही, लेकिन उसका पता नहीं लगा पाई। दूसरे दिन फोटो दिखाकर कुछ लोगों से पता किया, तब मालूम चला कि दाढ़ी बढ़ाकर लोगों का भविष्य बताने वाला ही आरोपी है। पुलिस वाले पहुंचे, तो वह उनका भी भविष्य बताने लगा तो पुलिस ने उसकी फोटो दिखाते हुए कहा कि चलो हम तुम्हारा भविष्य बताते हैं। इस पर उसने दौड़ लगा दी, लेकिन पुलिस ने उसे वहीं दबोच लिया। दुष्कर्मी को जबलपुर लाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पेट्रोल पंप में चौकीदार था आरोपी
जानकारी के अनुसार गोरखपुर के रामपुर क्षेत्र निवासी आरोपी सुंदर बेन (55) यहां राकेश अग्रवाल के पेट्रोल पंप पर चौकीदारी करता था। अक्टूबर में उसने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग को अपने घर टीवी देखने बुलाया। उस समय उसके घर में कोई नहीं था। इसके बाद उसने किशोरी के साथ रेप किया। फिर धमकी देकर चुप करा दिया। इस तरह धमका कर उसके साथ पांच बार दुष्कर्म किया।
हिम्मत कर घरवालों को सुनाई आपबीती
किशोरी ने हिम्मत कर इस दरिंदे की करतूत घरवालों को बताई। आक्रोशित परिजन उसके घर पहुंचे, तो वह किशोरी पर ही मनगढंत आरोप लगाने लगा। किशोरी को लेकर उसके परिजन थाने पहुंचे, तो आरोपी सुंदर बेन फरार हो गया। दो नवंबर को पुलिस ने मामले में रेप और पाॅक्सो एक्ट का केस दर्ज किया था।
चित्रकूट में बन गया था संन्यासी
उधर, फरार सुंदर बेन चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर रह रहे त्यागी बाबा के आश्रम पहुंचा। यहां उसने खुद का नाम अनूप पटेल बताते हुए अनाथ बताया। कहा कि संसार से मन ऊब चुका है, वह शांति की तलाश में आया है। तरस खाकर त्यागी बाबा ने उसे आश्रम में आश्रय दे दिया। तब से उसने दाढ़ी व बाल बढ़ाने शुरू कर दिए। वह प्रतिदिन सुबह चार बजे उठकर जाप करने लगा। तिलक व साफा पहन कर लोगों का भविष्य बांचने लगा था।
बुधवार को चित्रकूट पहुंची गोरखपुर पुलिस
गोरखपुर पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। चित्रकूट से सुंदर बेन उर्फ अनूप पटेल मोबाइल पर घरवालों से संपर्क में था। इसी से पुलिस को लोकेशन पता चली। थाने के शेष नारायण दुबे की अगुवाई में टीम को TI सारिका पांडे ने चित्रकूट रवाना किया। टीम ने त्यागी बाबा के आश्रम में ही रात काटी। सुंदर बेन नाम से उसके बारे में पता किया, तो कोई नहीं बता पाया। दाढ़ी बढ़ा लेने से पुलिस भी आरोपी को नहीं पहचान पाई।
त्यागी बाबा को फोटो दिखाया तब पता चला
पुलिस ने त्यागी बाबा को आरोपी की फोटो दिखाई। तब उन्होंने बताया कि ये तो अनूप पटेल की फोटो है। पहचान होने के बाद पुलिस ढोंगी बाबा (सुंदर बेन) के पास पहुंची। पुलिस ने उसकी फोटो दिखाई, तो वह समझ गया। पुलिस कुछ समझ पाती कि उसने दौड़ लगा दी। आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहां आसपास के अन्य संन्यासी उसके समर्थन में आ गए, पर पुलिस ने असलियत खोली, तो उसे धिक्कारते हुए सब लौट गए।
आरोपी को भेज दिया जेल
TI सारिका पांडे ने बताया कि आरोपी को चित्रकूट से गिरफ्तार कर पुलिस ले आई थी। उसे जेल भेज दिया गया। चित्रकूट में वह दाढ़ी-बाल बढ़ाकर ढोंगी बाबा बन गया था और लोगों का भविष्य बताने लगा था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.