जबलपुर में आर्मी कैंटीन में काम करने वाले एक युवक की बेरहमी से लाठी-डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। कैंट पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
गोराबाजार पुलिस के अनुसार सदर निवासी सोहित सोनी (25) आर्मी कैंटीन में दैनिक वेतन भोगी के तौर पर काम करता था। शुक्रवार की रात वह घर से निकला था। वह मोबाइल फोन नहीं रखता था। वह मरणासन्न हालत में अनंतारा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके पीठ पर लाठी-डंडे से मारने-पीटने के निशान मौजूद थे।
केंट दारू भट्टी के पास हुआ था विवाद
सोहित के पिता पप्पू और मां मधु ने बताया कि सोहित के हाथ और शरीर में चोट के निशान साफ बता रहे हैं कि उसे कितनी बेरहमी से मारा-पीटा गया था। सोहित अपने ससुराल में रहता था। दारुभट्टी के पास सोहित का विशेष प्रजापति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद विशेष प्रजापति ने उसके साथ लाठियों से मारपीट कर दी।
कैंट पुलिस के मुताबिक अनंतारा के पास घायल हालत में मिलने के बाद उसे परिजन घर लेकर चले गए थे। रात में हालत बिगड़ने पर परिजन विक्टोरिया अस्पताल ले गए थे। उसके हाथ, पैर और सिर और कंधे में गंभीर चोटें थीं। डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कैंट टीआई विजय तिवारी के मुताबिक विवाद करने वालों की पहचान की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। अभी मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.