प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 15 मार्च को दिन और रात लगभग बराबर रहेंगे। नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रचारक सारिका घारू ने दावा किया कि आमतौर पर 20 या 21 मार्च को ऐसा होना माना जाता है। लेकिन अब इलेक्ट्रॉनिक तौर पर समय मापन के युग में यह तथ्य स्पष्ट है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ऐसा 15 मार्च को होता है। दिन और रात 12 घंटे के सबसे समीपस्थ समय अंतराल के होते हैं।
सारिका ने बताया कि अब तक 21 मार्च को इक्विनोक्स से जोड़ा जाता रहा है। पृथ्वी के अपने अक्ष पर झुके होते हुए सूर्य की परिक्रमा करने से हो 20 या 21 मार्च को इस स्थिति में आती है कि सूर्य की किरणें भूमध्य रेखा पर लंबवत पड़ती है। किसी भी ध्रुव का झुकाव नहीं रहता है। इस कारण पृथ्वी के सभी भागों पर दिन और रात लगभग समान होते हैं। लेकिन यह पूरी तरह समान नहीं होते हैं। इनमें लगभग 6 मिनट का अंतर रहता है। इस कारण मध्य प्रदेश के अधिकांश शहरों में 15 मार्च को दिन एवं रात बराबर होंगे।
6 मार्च को दक्षिण भाग में बराबर हो चुका :
घारू ने बताया कि देश के दक्षिण भाग कन्याकुमारी में यह 6 मार्च को बराबर हो चुका है। राजस्थान, बिहार में 16 मार्च को होगा और देश के उत्तरी भाग में यह 17 मार्च को होगा। प्रदेश के भोपाल में 15 मार्च का दिन 11 घंटे 59 मिनट 29 सेकंड का होगा। इंदौर में 11 घंटे 59 मिनट 39 सेकंड, उज्जैन में 11 घंटे 59 मिनट 31 सेकंड और आलीराजपुर जिले में 11 घंटे 59 मिनट 47 सेकंड का दिन होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.