बुरहानपुर में फर्जी सब इंस्पेक्टर को पकड़ा गया है। पिछले 5 साल से वह महिला कॉन्स्टेबल से दुष्कर्म कर रहा था। महिला कॉन्स्टेबल को एसआई बताकर शादी का झांसा देता रहा। जहां भी महिला काॅन्स्टेबल जाती, वह बहाने से पास के थाने में पदस्थ होने की बात कहकर रेप करता रहा। आरोपी सुभाष सिंह पुत्र उमेश सिंह सिकरवार निवासी तुलसी कॉलोनी मुरैना है। महिला कॉन्स्टेबल ने बुरहानपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। वह 8 महीने से फरार था। आरोपी की पत्नी ASI है, लेकिन वह खुद को बताता था।
भिंड की रहने वाली महिला कॉन्स्टेबल की पहचान आरोपी सुभाष सिंह से मुरैना की कोचिंग में 2014 में हुई थी। वह कॉलेज में साथ पढ़ने की बात कहता था। इसके बाद दोनों में फोन पर बात होने लगी। महिला के भिंड, मुरैना, बुरहानपुर में पद स्थापना के दौरान आरोपी उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।
एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के मुताबिक फरवरी 2021 में महिला कॉन्स्टेबल ने आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी। इसके बाद केस दर्ज कर लिया गया था। एक दिन पहले आरोपी को पकड़ा गया। उसे न्यायालय में पेश कर 25 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है।
दोनों ही चंबल क्षेत्र के रहने वाले हैं
पुलिस के अनुसार महिला कॉन्स्टेबल और आरोपी भिंड चंबल क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। वहीं, दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा। लगातार मुलाकात होती रही। महिला की पदस्थापना जहां भी आरक्षक के बतौर हुई। वहां आरोपी पहुंच जाता था। उसने फर्जी आईडी बना रखी थी, जिसे महिला काॅन्स्टेबल को दिखाकर कहता था कि मैं सब इंस्पेक्टर हूं। पदस्थापना अलग-अलग जिलों में बताता रहा। जब महिला काॅन्स्टेबल को पता चला कि आरोपी की तो शादी भी हो चुकी है, तब उसने एसपी को मामले की शिकायत की थी।
ऐसे खुली पोल
चूंकि आरोपी बीच-बीच में 10 से 15 दिनों के लिए बिना बताए चला जाता था। जब भी महिला कॉन्स्टेबल थाने ले जाने की बात कहती, तो वह काम में बिजी होने की बात कहकर टाल देता था। कई बार ऐसा होने पर उसे शक हुआ। महिला कॉन्स्टेबल ने फिर अपने स्तर पर जांच की, फिर उसकी पोल खुल गई।
आरोपी की पत्नी है ASI
पुलिस के अनुसार आरोपी सुभाष सिंह सिकरवार की पत्नी ASI है, लेकिन यह खुद को एएसआई बताता रहा। महिला कॉन्स्टेबल झांसे में आ गई। उसने उसके साथ भिंड, मुरैना, बुरहानपुर में पांच साल तक लगातार दुष्कर्म किया।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर रखे
एसपी ने बताया कि आरोपी ने फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर रखे थे। उसके कब्जे से आईडी, फर्जी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के अलावा फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.